चाकुलिया : चाकुलिया में उस वक्त अफरातफरी मच गयी जब स्कूल में बच्चों की जगह हाथी पहुंच गया. जिस स्कूल में रोजाना बच्चों को ककहरे सिखाए जाते हैं वहां हाथी को देख चीख-पुकार मचना भी लाजमी है. ज्ञात हो कि हाथी खाने की तलाश में आए दिन भटक रहे हैं. कभी स्कूल तो कभी घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. इससे ग्रामीण दहशत में हैं.
हाथी ने विद्यालय के रैंप को किया क्षतिग्रस्त
चाकुलिया प्रखंड स्थित कालियाम प्राथमिक विद्यालय में रविवार रात एक हाथी घुस आया. हाथी ने विद्यालय के रैंप को क्षतिग्रस्त कर दिया. विद्यालय से निकलकर हाथी गांव के आसपास काफी देर तक भ्रमण करता रहा. इसके बाद वापस जंगल की ओर लौट गया. हाथी के लगातार क्षेत्र में पहुंचने से भय का माहौल है. पिछले दिनों कालियाम स्कूल के समीप निर्मल महतो को हाथी ने पटक कर घायल कर दिया था. अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गयी थी.
