मुसाबनी : मुसाबनी थानांतर्गत कोड़ाशोल गांव के भुल्लूघुटू टोला में अपराधियों ने घर में घुसकर बड़े भाई की गला रेतकर हत्या कर दी. वहीं, छोटे भाई ने अंधेरे का फायदा उठा भागकर अपनी जान बचायी. घटना रविवार देर रात की है. सोमवार की शाम घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. घर से 48 वर्षीय अशोक गिरि की लाश बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका है.
दोनों भाई अविवाहित, घर में अकेले रहते थे
जानकारी के अनुसार, अशोक गिरि और उसका छोटा भाई तपन गिरि दोनों अविवाहित हैं. भुल्लूघुटू चौक के समीप अपने घर में एक साथ रहते हैं. रविवार की रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर सोए हालत में अशोक गिरि की गला रेत कर हत्या कर दी. अपराधियों ने छोटे भाई तपन गिरि को मारने का प्रयास किया. तपन ने सूझबूझ दिखायी और घायल अवस्था में किसी तरह घर से भागकर दूसरी जगह छुपकर अपनी जान बचायी. उसने सुरक्षित स्थान से पुलिस को घटना की सूचना दी.सूचना मिलते ही एसआइ अजीत कुमार दल-बल के साथ पहुंचे. पुलिस मृतक के छोटे भाई व आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की है. पुलिस के अनुसार, अपराधी जल्द शिकंजे में होंगे.
