हाता : हाता बिरसा चौक पर शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित सुजुकी कार ने सड़क किनारे खड़े पांच दोपहिया वाहनों को एक के बाद एक टक्कर मार दी. हादसे में दो हीरो मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और एक पल्सर बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजे की है. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए इलाके में तनाव जैसी स्थिति बन गई.
चाईबासा की ओर जा रही थी कार
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हेंसड़ा के प्लांट में कार्यरत कर्मी टिशू मिश्रा अपनी सुजुकी कार (जेएच 01 डीएल/1111) से चाईबासा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान हाता चौक स्थित बिरसा चौक के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़ी दो हीरो मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और एक पल्सर बाइक क्षतिग्रस्त हो गई.
स्थानीय लोगों ने कार चालक को पकड़ा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को वाहन समेत पकड़ लिया. क्षतिग्रस्त वाहनों के मुआवजे की मांग करने लगे. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के समय कार चालक नशे की हालत में थे. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
मौके पर पहुंची पोटका पुलिस
घटना की सूचना पर पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद मामले को शांत कराया. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सड़क किनारे खड़े पांच वाहनों के क्षतिग्रस्त होने से वाहन मालिकों को नुकसान हुआ है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
