झारसुगुड़ा: जिलाधिकारी कुणाल मोतीराम चव्हाण ने जिला मुख्य चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध उपचार एवं देखभाल व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान मुख्य जिला चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शक्ति प्रसाद पाढ़ी सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनआरसी में भर्ती गंभीर तीव्र कुपोषण तथा मध्यम तीव्र कुपोषण से पीड़ित बच्चों की संख्या और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे विशेष पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, दवाओं की उपलब्धता तथा केंद्र की समग्र कार्यप्रणाली की समीक्षा की. अधिकारियों को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं.
साथ ही बच्चों की माताओं को शिशु देखभाल और पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर देने को कहा. केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों की सुरक्षा और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
