गांव के बच्चे होंगे डिजिटल, जानें क्या किया गया इंतजाम

पोटका के नेताजी सुभाष उच्च विद्यालय में ग्रामीण छात्रों के लिए कंप्यूटर लैब का उद्घाटन हुआ. अब छात्र डिजिटल शिक्षा और तकनीकी कौशल आसानी से सीख सकेंगे.

पोटका : ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जाएगा. गांव के बच्चे भी कंप्यूटर व अन्य डिजिटल उपकरण उसी तरह से चलाएंगे जैसे शहरी क्षेत्र के विद्यार्थी चलाते हैं. इसी उद्देश्य से मंगलवार को नेताजी सुभाष उच्च विद्यालय, कालिकापुर में नवनिर्मित कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया. प्रोजेक्ट शिक्षा एवं ग्रोथ संस्था के संयुक्त प्रयास से स्थापित लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर और डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराया जाएगा.

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा

लैब का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और किशोर-किशोरियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना व उनके डिजिटल कौशल को विकसित करना है. इससे विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ कंप्यूटर शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा. साथ ही, भविष्य में उच्च शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने में भी उन्हें मदद मिलेगी. उद्घाटन समारोह में प्रोजेक्ट शिक्षा की अंजुला चावला ने कहा - उनकी बेटी नेहा चावला भी प्रोजेक्ट शिक्षा से जुड़कर लैपटॉप की सहायता से अपनी पढ़ाई और सीखने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही हैं. उन्होंने कहा - ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को यदि डिजिटल संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए, तो वे भी अपनी प्रतिभा को निखारकर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.

डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा बच्चों के लिए आवश्यक

ग्रोथ संस्था की सचिव दर्शना ने कहा - डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा विद्यार्थियों के लिए आवश्यकता बन चुकी है. ग्रामीण बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा पहुंचाने में यह कंप्यूटर लैब महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. इससे बच्चों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ावा मिलेगा. इस अवसर पर प्रोजेक्ट शिक्षा के राम चंद्र चुटानी, नेताजी सुभाष उच्च विद्यालय के सचिव डॉ. हिमांशु भगत, संस्थापक सदस्य ईश्वर सोरेन, सक्रिय सदस्य डॉ. विकास चंद्र भगत तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य नेहर रंजन भगत, ग्रोथ संस्था के अमरीक सिंह एवं तारो सोरेन आदि मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय सरदार

संजय सरदार को पत्रकारिता का 24 वर्षों का अनुभव हैं. वे वर्ष 2002 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से राजनीतिक शास्त्र में स्नातक किया है. ग्रामीण पत्रकारिता पर काफी काम किया है. वर्तमान में वे हाता से प्रतिनिधि हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >