ढाई महीने बाद भी नहीं शुरू हुआ धालभूमगढ़ लिंक रोड का काम, शिलान्यास बना दिखावा

धालभूमगढ़ लिंक रोड का शिलान्यास हुए ढाई महीने से ज्यादा हो गए, लेकिन सड़क निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हुआ है. इससे ग्रामीणों में काफी नाराजगी है और वे भ्रष्टाचार की आशंका जता रहे हैं. लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है.

धालभूमगढ़: पथ निर्माण विभाग से बनने वाली धालभूमगढ़ लिंक रोड का शिलान्यास हुए करीब ढाई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है. इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है. कई ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि कहीं यह सड़क योजना भी भ्रष्टाचार की भेंट न चढ़ जाये.

धालभूमगढ़ लिंक रोड एनएच सर्विस रोड से रेलवे स्टेशन की ओर जाती है. इस सड़क की सामान्य मरम्मत और कालीकरण का काम पथ निर्माण विभाग को कराना है. सड़क की लंबाई 270 मीटर और चौड़ाई चार मीटर है. योजना की प्राक्कलित राशि 8.13 लाख रुपये है. इसका निर्माण उर्मिला कंस्ट्रक्शन एसोसिएट को करना है.

12 जुलाई 2026 को विधायक सोमेश चंद्र सोरेन और सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ बेहरा की मौजूदगी में सड़क के कालीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया था. उस समय ठेकेदार ने दो-तीन दिनों में काम शुरू करने की बात कही थी. लेकिन ढाई महीने बाद भी सड़क पर काम शुरू नहीं हुआ है.

दो साल पुरानी योजना, अब तक नहीं शुरू हुआ काम

ग्रामीणों के अनुसार, यह सड़क नन प्लान योजना 2024-25 के तहत स्वीकृत है. योजना का वित्तीय वर्ष समाप्त हुए करीब दो साल होने को हैं, इसके बाद इसका शिलान्यास किया गया. योजना के तहत सड़क की सामान्य मरम्मत के बाद कालीकरण किया जाना है. ग्रामीणों ने विभाग से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी दूर हो सके.

जिला पार्षद ने प्राक्कलन के अनुसार काम कराने की मांग की

जिला पार्षद हेमंत मुंडा ने कहा कि धालभूमगढ़ लिंक रोड रेलवे स्टेशन और एनएच के बीच की प्रमुख और व्यस्त सड़क है. रोजाना सैकड़ों लोग इससे आवागमन करते हैं. सड़क की मरम्मत और कालीकरण नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि सड़क का शिलान्यास भी करीब दो साल बाद हुआ है. सड़क की लंबाई और चौड़ाई में कमी किये बिना प्राक्कलन के अनुसार जल्द काम पूरा होना चाहिए.

जेई बोले- बारिश के कारण काम में हुआ विलंब

पथ निर्माण विभाग के जेई अफरोज आलम ने कहा कि बारिश के कारण निर्माण कार्य में बाधा आ रही थी. बारिश रुकते ही सड़क का निर्माण पूरा कर दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि सड़क की चौड़ाई चार मीटर है और वर्तमान में जितनी चौड़ी सड़क है, उसी पर कालीकरण किया जायेगा. चौड़ाई बढ़ाने पर कई तरह की तकनीकी दिक्कतें आयेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sidharth Anand

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >