शिलान्यास के ढाई माह बाद भी धालभूमगढ़ लिंक रोड का काम शुरू नहीं, बदहाल सड़क बढ़ाएगी परेशानी

धालभूमगढ़ लिंक रोड का शिलान्यास हुए ढाई माह बीत गए, पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है. इससे लोगों में भारी आक्रोश है और दुर्गा पूजा में आवागमन में परेशानी बढ़ेगी. ग्रामीण भ्रष्टाचार की आशंका जता रहे हैं.

धालभूमगढ़ : पथ निर्माण विभाग से बनने वाली धालभूमगढ़ लिंक रोड का शिलान्यास हुए लगभग ढाई माह बीत जाने के बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है. इसको लेकर लोगों में आक्रोश है. दुर्गा पूजा में लोगों के बदहाल सड़क से परेशानी होगी. कई ग्रामीणों ने तो आशंका जतायी कि शायद यह सड़क भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जायेगी. विदित हो कि धालभूमगढ़ लिंक रोड (एनएच सर्विस रोड से स्टेशन की ओर) की सामान्य मरम्मत एवं कालीकरण पथ निर्माण विभाग से किया जाना है. सड़क की लंबाई 270 मीटर और चौड़ाई 4 मीटर है. योजना की प्राक्कलित राशि 8.13 लाख है. सड़क का निर्माण उर्मिला कंस्ट्रक्शन एसोसिएट द्वारा किया जाना है.

कब हुआ था कालीकरण कार्य का शिलान्यास

कालीकरण कार्य का शिलान्यास 12 जुलाई 2026 को विधायक सोमेश चंद्र सोरेन एवं सांसद प्रतिनिधि विश्वनाथ बेहरा की उपस्थिति में किया गया. ठेकेदार द्वारा दो-तीन दिनों में काम शुरू करने की बात कही गयी, लेकिन ढाई माह बीतने के बाद भी अभी तक कोई काम नहीं हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि योजना का वित्तीय वर्ष हुए दो साल होने को है इसके बाद इसका शिलान्यास किया गया है. योजना में सड़क का सामान्य मरम्मत करते हुए कालीकरण किया जाना है. ग्रामीणों ने मांग की है कि अविलंब सड़क का निर्माण कराया जाय ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी दूर हो.

रेलवे स्टेशन और एनएच के बीच व्यस्ततम सड़क

धालभूमगढ़ के जिप सदसस्य हेमंत मुंडा ने बताया - धालभूमगढ़ लिंक रोड रेलवे स्टेशन एवं एनएच के बीच एक प्रमुख और व्यस्ततम सड़क है. सैकड़ो लोग रोजाना आवागमन करते हैं. सड़क की मरम्मत एवं कालीकरण नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है. सड़क का शिलान्यास ही 2 वर्ष बाद हुआ है. सड़क की लंबाई चौड़ाई को ना घटाते हुए प्राक्कलन के अनुसार अविलंब काम पूरा किया जाना चाहिए.

बारिश से निर्माण कार्य में हो रहा था अवरोध

पथ निर्माण विभाग के जेई अफरोज आलम ने बताया - बरसात होने के कारण निर्माण कार्य में अवरोध आ रहा था. वर्षा रुकते ही सड़क का निर्माण पूरा कर दिया जायेगा. सड़क की चौड़ाई 4 मीटर है, लेकिन वर्तमान में जितनी चौड़ी सड़क है उस पर ही कालीकरण किया जायेगा. चौड़ाई बढ़ाने पर कई प्रकार के तकनीकी दिक्कतें आयेंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. युनूस परवेज

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >