जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत खासमहल स्थित सदर अस्पताल में बुधवार को झामुमो के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन डॉ. साहिल पॉल से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महावीर मुर्मू कर रहे थे. प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त करने और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की.
मांग पत्र में जमशेदपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के तहत बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रानीडीह सेमलेद क्लब, सोमायझोपड़ी बिरसा मैदान, रेलवे लाल बिल्डिंग शिव मंदिर प्रांगण, सिदो-कान्हू मैदान सामुदायिक भवन तथा परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर, बाहागढ़ सामुदायिक भवन और कीताडीह सरना मार्शल क्लब में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की मांग की गई.
इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने, सदर अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्कैन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गरीबों के बीच मच्छरदानी वितरित करने का आग्रह किया गया.
सिविल सर्जन डॉ. साहिल पॉल ने प्रतिनिधिमंडल को सभी समस्याओं के जल्द निष्पादन का आश्वासन दिया. इस मौके पर बहादुर किस्कू, जगत मार्डी, पप्पू उपाध्याय, संजीत हेंब्रम, मनोज तांती, रॉकी सिंह राठौर, सोनू सुंडी, धारणी दास आदि उपस्थित थे.
