Jamshedpur News : परीक्षार्थियों की भीड़ से जाम, स्टेशन पर आपाधापी, ऐसे रहे हालात
Jamshedpur News : झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को शहर में बनाये गये विभिन्न केंद्रों पर हुई. इनमें भाग लेने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी.
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को शहर में बनाये गये विभिन्न केंद्रों पर हुई. इनमें भाग लेने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी. सुबह करीब 8 बजे परीक्षा केंद्रों की ओर जाने और शाम 5.30 बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद लौटते वक्त साकची गोलचक्कर, मानगो पुल, बाग-ए-जमशेद और स्टेशन गोलचक्कर समेत कई प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. हालांकि, पुलिस बल की सक्रियता से कुछ देर की मशक्कत के बाद यातायात को नियंत्रित कर लिया गया. दरअसल, पूर्व में आयोजित झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण शहर में जाम और अव्यवस्था का माहौल बन गया था. इसी से सबक लेते हुए इस बार जिला प्रशासन की ओर से रविवार को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई थी, जिसके चलते हालात काबू में रहे.
प्लेटफॉर्म नंबर 1, 3 और 4 पर दिखी भीड़
इधर, परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जिससे प्लेटफॉर्म नंबर 1, 3 और 4 पर भीड़ उमड़ी. हालांकि, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में चढ़ाया. रेलवे के वाणिज्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित जानकारी देते रहे, ताकि किसी तरह की अफरातफरी या दुर्घटना की स्थिति न बने.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.