प्रतिनिधि, झारसुगुड़ा
शहर में सैकड़ों गोरक्षा समर्थकों, संतों और अलग-अलग हिंदू संगठनों के सदस्यों ने गौ सम्मान आह्वान अभियान बुधवार को आयोजित किया. इसमें गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गयी. इसमें शामिल लोगों ने कथित गोहत्या व मवेशियों की गैर-कानूनी तस्करी को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की. कार्यक्रम झंडा चौक से शुरू हुआ.
यहां लोगों ने गौ पूजन किया और मवेशियों की रक्षा और उन्हें बचाने का संकल्प लिया. इसके बाद जिलाधीश के ऑफिस तक एक शोभायात्रा निकाली गयी. जिलाधीश को प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया, इसमें केंद्र सरकार से गायों को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गयी. कार्यक्रम गो सुरक्षा मंच के संयोजक रोहितेश्वर प्रधान की देखरेख में हुआ.
इस मौके पर सीनियर गौ रक्षा कार्यकर्ता राधाकांत बाबा, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष किशोर कुमार मोहंती, अशोक सकुनिया, बजरंग दल के जिला प्रमुख अजय चौरसिया, शहर अध्यक्ष रवि गिडवानी, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष विनय रजक, नगर कार्यवाह तरुण बंछोर और विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सैकड़ों सदस्य शामिल थे.
