जमशेदपुर : परसुडीह थानांतर्गत रहरगोड़ा के पास पूर्व के विवाद को लेकर दो पक्ष के युवकों ने आपस में मारपीट कर ली. मारपीट के दौरान दोनाें पक्ष के युवकों ने एक दूसरे पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया. मारपीट में एक पक्ष से प्रीतम सिंह और जय किशन घायल हैं. वहीं, दूसरे पक्ष से प्रकाश ठाकुर जख्मी है. प्रीतम सिंह को गंभीर चोट लगने के कारण उसे टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जबकि प्रकाश ठाकुर का इलाज एमजीएम में कराया गया. घटना शनिवार की देर रात करीब एक बजे की है.
छवि खराब करने की कोशिश करता है प्रकाश : जय किशन
घटना के संबंध में जय किशन ने बताया - प्रकाश ठाकुर उसकी छवि खराब करने के लिए अक्सर प्रयास करता है. वह बिना किसी मुद्दे का उससे झगड़ा करता है. शनिवार को भी दिन में उसका बिना बात का विवाद हुआ. उसके बाद रात के वक्त दोनों का कॉमन फ्रेंड मोहन यादव ने जय किशन को कहा - रहरगोड़ा चलो, तुम दोनों का मामला को समाप्त करवा देते हैं. इसके बाद वह मोहन और प्रीतम के साथ रहरगोड़ा चौक पर पहुंचे. जहां समझौता कराने लेकर गये मोहन यादव ने ही उस पर पहले हमला कर दिया. इस दौरान प्रकाश ने चाकू से हमला कर दिया. जिसके बाद प्रीतम बीच बचाव करने लगा. इस दौरान वह मौके से जान बचा कर फरार हो गया. जबकि प्रीतम को उन दोनों ने पकड़ कर पत्थर और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रीतम को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल लेकर गई.
दोस्त की बहन से बार बार बात करता था जयकिशन : प्रकाश
वहीं, दूसरे पक्ष के प्रकाश ठाकुर ने बताया - जयकिशन कुमार नामक एक लड़का एक दोस्त की बहन से बार बार बात करता था. किशन कुमार को उसे दोस्त की बहन से बात करने के लिए मना किया था. शनिवार को बर्निंग घाट पर उससे विवाद हो गया. उसके बाद शनिवार शाम से ही समझौता करने को लेकर जयकिशन उसे बुलाने लगा. देर रात काे वह रहरगोड़ा पहुंचा. यहां जयकिशन, प्रीतम और मोहन यादव पूर्व से था. उसके बाद जय किशन से बात करने के दौरान ही प्रीतम ने पीछे से पकड़ कर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद उसने अचपे बचाव में पत्थर से उन लोगों पर हमला किया. फिर दोनों पक्ष से मारपीट हुई. मारपीट में उसे शरीर में कई जगह पर अंदरुनी चोट भी लगी है. वहीं परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया - दोनों पक्ष की ओर से लिखित शिकायत ली जा रही है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.
