जमशेदपुर: साकची में खुद को पुलिसकर्मी बताकर ठगी का मामला सामने आया है. बुधवार को दो शातिरों ने चेकिंग और सुरक्षा का झांसा देकर बाजार जा रही महिला से सोने के छह कंगन उतरवा लिये. इसके बाद कागज में कंगन रखने का नाटक कर महिला को नकली कंगन थमा दिये और मौके से फरार हो गये. घर पहुंचने पर महिला ने कंगन देखे तो ठगी का पता चला.
घटना के बाद साकची रामलीला मैदान के पास रहने वाली मैत्रेयी मजुमदार ने साकची थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
रास्ते में रोककर खुद को बताया पुलिसकर्मी
मैत्रेयी ने बताया कि वह अपने फ्लैट से उतरकर किसी काम से साकची बाजार की ओर जा रही थीं. इसी दौरान दो युवकों ने उन्हें रोका. दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और कहा कि शहर में लगातार छिनतई की घटनाएं हो रही हैं.
इसके बाद दोनों ने महिला से कहा कि वह अपने सोने के कंगन उतार लें. पुलिसकर्मी होने की बात पर महिला उनके झांसे में आ गयी और अपने कंगन उतार दिये.
कागज में रखने के बहाने बदले कंगन
दोनों युवकों ने महिला को कंगन कागज में लपेटकर रखने को कहा. इसी दौरान उन्होंने कंगन बदल दिये और महिला को नकली कंगन थमा दिये. इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गये.
महिला जब घर पहुंचीं और पर्स से कंगन निकालकर देखा, तो उन्हें नकली पाया. इसके बाद उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी और साकची थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
