जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कदमा थानांतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 की रहने वाली सविता देवी के साथ ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. ठग गिरोह के तीन सदस्यों ने महिला को स्प्रे मारकर अचेत कर दिया और उनके गले से सोने की चेन, कानबाली व अंगूठी निकालकर मौके से फरार हो गए.
मेडिकल गई थी महिला
इस संबंध में सविता देवी के बेटे संतोष तिवारी ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे उनकी मां पास के ही मेडिकल दुकान से दवा लाने के लिए गई थी. दवा लेकर घर लौटते वक्त एक बाइक पर सवार दो युवक और एक पैदल चल रहे युवक ने उन्हें घेर कर बात करना शुरू किया. पहले पैदल चल रहे युवक ने चलते- चलते बातचीत करना शुरू किया. उसके बाद पीपलधारी शिव मंदिर के पास सुनसान जगह देख कर स्प्रे मार दिया. स्प्रे का असर होते ही उनकी मां मूर्छित अवस्था में आ गईं.
इस दौरान शातिरों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन, कानबाली और अंगूठी उतार ली और वहां से फरार हो गए. घटना के बाद होश में आने पर या जैसे-तैसे वह अपने घर पहुंचीं और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की तलाश में जुट गई है. पुलिस ने बदमाशों की तस्वीर भी सीसीटीवी फुटेज में मिली है.
