Jamshedpur News : दुकानों में क्षेत्रवार कलर कोड में बिकेगी चापड़, अब रंग बतायेगा ‘चापड़ का पता
शहर में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस अब सख्त कदम उठाने जा रही है. सिटी एसपी ललित मीणा ने इस दिशा में पहल शुरू करते हुए थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
:: सिटी एसपी ने थाना प्रभारियों के साथ की बैठक, दिये निर्देश
Jamshedpur News :
शहर में बढ़ती चापड़बाजी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिला पुलिस अब सख्त कदम उठाने जा रही है. सिटी एसपी ललित मीणा ने इस दिशा में पहल शुरू करते हुए थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है. बुधवार को हुई बैठक में सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ रणनीति तय की गयी. इसके तहत अब चापड़ बेचने वाले दुकानदारों को बिक्री से पहले खरीदार का सत्यापन करना होगा. साथ ही हर दुकानदार अपने चापड़ पर अलग-अलग रंग का कलर कोड लगायेंगे. यह व्यवस्था इसलिए लागू की जा रही है, ताकि किसी घटना के बाद यह आसानी से पता लगाया जा सके कि चापड़ किस दुकान या इलाके से खरीदी गयी थी. इससे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस को काफी मदद मिलेगी. पुलिस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी चापड़ की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए जल्द ही ई-कॉमर्स कंपनियों को पत्र लिखकर इस पर कार्रवाई की मांग की जायेगी. सिटी एसपी ने बताया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में दुकानदारों और थोक विक्रेताओं के साथ बैठक कर इस व्यवस्था को लागू करायें. उनका कहना है कि इस पहल से चापड़ हमलों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी.
ट्रैफिक चेकिंग के नये स्पॉट होंगे चिह्नित
बैठक में सिटी एसपी ललित मीणा ने शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने व ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करनेवालों पर कार्रवाई करने के लिए नये चेकिंग स्पॉट चिह्नित करने का निर्देश यातायात थाना प्रभारियों को दिया है. इसके अलावा आर्म्स एक्ट और छिनतई मामले में जेल से छूटे बदमाशों का लगातार भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया है. वहीं, उन्हें बीच-बीच में थाना बुलाकर पूछताछ करने की बात कही है. वही, लंबित पड़े केस में फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट,इश्तेहार व कुर्की की कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा एनडीपीएस मामले में भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही है.
महिला व पॉक्सो से जुड़े केस में जल्द करें चार्जशीट
सिटी एसपी ने सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि महिला और पॉक्सो मामले में जल्द से जल्द कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करें, ताकि उन्हें सजा दिलायी जा सके.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.