जमशेदपुर : मानगो थानांतर्गत शर्मा लाइन जगदंबा होटल के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने पैदल जा रही महिला कांति देवी के गले से सोने का चेन छिनतई कर मौके से फरार हो गये. परिजनों के मुताबिक, छीनी गई चैन की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है. घटना रविवार सुबह 9.15 बजे की है. जानकारी के मुताबिक महिला अपनी छोटी बहू पूजा शर्मा के साथ शर्मा लाइन में पूजा करने जा रही थीं. उसी दौरान ब्लू रंग की एक बाइक पर सवार दो युवक हेलमेट पहन कर आये और पीछे से कांति देवी के गले से सोने का चेन छीन कर माैके से फरार हो गये.
घटना के बाद लोगों में मचा हड़कंप
घटना के बाद आस पास के लोगों में हडकंप मच गया. जानकारी के मुताबिक महिला कांति देवी हर दिन इसी रास्ते से पूजा करने जाती हैं. रविवार की सुबह भी वह पूजा करने के लिए अपनी बहु के साथ जा रही थी. उसी दौरान यह घटना हुई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में महिला के परिजन ने मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराया है.
इधर, महिला के लॉकर से गहना गायब
मानगो थानांतर्गत जवाहर नगर क्रॉस रोड नंबर- 14 की रहने वाली जीनत उर्फ निशा के अलमारी के लॉकर से करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने की चोरी हो गई. इस मामले में जीनत उर्फ निशा ने मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराया है. दर्ज आवेदन के अनुसार घटना सात अगस्त की है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने अपने अलमारी के लॉकर में दो अंगूठी और एक चेन रखा था. सात अगस्त को जब लॉकर खोला तो देख कि उसमें से गहने गायब हैं. इसके बाद उन्होंने काफी खोजबीन की. लेकिन गहने के बारे में जानकारी नहीं मिली. गायब हुए जेवरात की कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है. पुलिस इस मामले में केस दर्ज करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है.
