जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई. बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम को लेकर पिछले बैठक के बाद की कार्रवाई की समीक्षा की गई. इस दौरान नदियों से बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन, वन क्षेत्रों में अवैध खनन, बिना पंजीकरण संख्या वाले वाहनों, ओवरलोडेड वाहनों तथा अन्य अनियमितताओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई.
खनन टास्क फोर्स ने 105 टन खनिज किए जब्त
खनन पदाधिकारी ने बताया कि पिछली बैठक के बाद जिला खनन टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई में लगभग 67 टन बालू एवं 38 टन पत्थर, कुल लगभग 105 टन खनिज जब्त किए गए हैं. इस दौरान 21 लाख 41 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 07 वाहनों को जब्त किया गया. उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन एवं खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं कार्रवाई में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
खनन विभाग को प्राप्त शिकायतों की समीक्षा
बैठक में खनन विभाग को प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने अवैध खनन, ईंट भट्ठों से संबंधित मामलों, प्रदूषण तथा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध उत्खनन की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों का स्थल निरीक्षण करते हुए तथ्यों की जांच और नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनहित और पर्यावरणीय संतुलन से जुड़ा विषय है.
वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े थाना प्रभारी
खनन गतिविधियों का संचालन निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही हो, यह सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, डीएफओ सबा आलम अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे. वहीं, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े.
