Jamshedpur News : बर्मामाइंस : खालसा स्कूल परिसर में खेल रहे बच्चे को कार ने कुचला, मौत
Jamshedpur News : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा कैंपस स्थित खालसा मिडिल स्कूल परिसर में शनिवार दोपहर कार की चपेट में आने से ढाई साल के मासूम आरुष कुमार शर्मा की मौत हो गयी.
– मां के साथ दोनों भाईयों को स्कूल से ले गया था आरुष
– तीन भाईयों में सबसे छोटा था आरुष
– पूरी घटना सीसीटीवी में कैद, जांच में जुटी पुलिस
Jamshedpur News :
बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा कैंपस स्थित खालसा मिडिल स्कूल परिसर में शनिवार दोपहर कार की चपेट में आने से ढाई साल के मासूम आरुष कुमार शर्मा की मौत हो गयी. स्कूल परिसर से बाहर निकल रही एक कार (जेएच05डीपी-7795) ने खेल रहे बच्चे को कुचल दिया. कार पर डिफेंस का बोर्ड लगा था और उसमें दो युवक सवार थे. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. आरुष बर्मामाइंस स्टार टॉकीज के पास का रहने वाला था. उसके पिता मुकेश कुमार शर्मा टाटा स्टील में ठेकेदारी में काम करते हैं. आरुष तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके बड़े भाई समर कुमार शर्मा और सहदेव कुमार शर्मा खालसा मिडिल स्कूल में पढ़ते हैं. शनिवार को उनकी मां कोमल शर्मा दोनों बच्चों को लेने स्कूल पहुंची थीं. छुट्टी होने में समय था, इसलिए वह परिसर में बैठकर इंतजार कर रही थीं, जबकि आरुष वहीं खेल रहा था.इसी दौरान स्कूल परिसर से एक सफेद कार बाहर निकल रही थी. खेलते-खेलते आरुष अचानक कार के सामने आ गया और अगले पहिये की चपेट में आ गया. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार के दोनों पहिये बच्चे के ऊपर से गुजर गये. हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी. मौके पर मौजूद लोगों और चालक ने घायल बच्चे को तुरंत उठाकर कार से टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिवार को मौत की खबर मिलते ही चालक कार लेकर वहां से फरार हो गया. बाद में पुलिस ने कार जब्त कर ली. बताया जा रहा है कि चालक जसप्रीत है, जिसके पिता पूर्व सैनिक हैं. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
मेरा बेटा चला गया, इंसाफ चाहिए
घटना के बाद आरुष के पिता मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि उनका बेटा चला गया. अब उनके पास क्या बचा है. स्कूल परिसर के भीतर गाड़ी इतनी तेज चलाने की क्या जरूरत है. उन्हें अपने बच्चे की मौत के बदले इंसाफ चाहिए. ताकि भविष्य में कोई ऐसी जान नहीं जाये. उन्होंने पुलिस से कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
कोट …
कार की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गयी है. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है. चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया है. उसकी गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.