Jamshedpur News : बागबेड़ा में चार करोड़ की लागत से बन रहा बॉक्स ब्रिज मई तक होगा तैयार

Jamshedpur News : बागबेड़ा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बड़ौदा घाट मार्ग पर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने वाली है. यहां नाले पर बन रहा नया बॉक्स ब्रिज अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है

स्टेशन से बड़ौदा घाट तक सड़क की पिचिंग को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, 30 दिनों में निकलेगा टेंडर

Jamshedpur News :

बागबेड़ा क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बड़ौदा घाट मार्ग पर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने वाली है. यहां नाले पर बन रहा नया बॉक्स ब्रिज अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और मई माह तक इसके पूरा होने की संभावना है. स्टेशन से बड़ौदा घाट जाने वाली मुख्य सड़क पर बागबेड़ा इंस्पेक्टर ऑफिस और सिदो-कान्हू मैदान के पास पथ निर्माण विभाग द्वारा लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से यह पुलिया बनायी जा रही है. इसका मुख्य ढांचा तैयार हो चुका है और विभाग का दावा है कि मई तक इसे जनता के लिए खोल दिया जायेगा.

दो दशकों का संघर्ष अब ला रहा है रंग

इस पुलिया और सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने लंबे समय तक आंदोलन किया. विभिन्न राजनीतिक दलों ने कई बार धरना-प्रदर्शन, घेराव और भूख हड़ताल भी किया. राजनेताओं के समर्थन के बावजूद रेलवे पाइपलाइन और तकनीकी अड़चनों के कारण निर्माण कार्य वर्षों तक अटका रहा.

पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता जितेंद्र मिश्रा के अनुसार, चाईबासा की राज यादव एजेंसी निर्माण कार्य करा रही है. बॉक्स ब्रिज का ढांचा तैयार होने के बाद अब एप्रोच रोड, मिट्टी कटिंग और गार्डवाल का काम शेष है.

इसके साथ ही स्टेशन से बड़ौदा घाट तक सड़क पिचिंग के लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है. अगले 25 से 30 दिनों के भीतर टेंडर जारी कर दिया जायेगा.

जनप्रतिनिधियों के प्रयास से मिली रफ्तार

पुलिया निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए विधायक संजीव सरदार ने मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाया था, जिसके बाद विभागीय स्तर पर काम में तेजी आयी. सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक संजीव सरदार ने संयुक्त रूप से इस परियोजना का शिलान्यास किया था. भाजपा नेता सुबोध झा ने कहा कि यदि बरसात से पहले काम पूरा हो जाता है, तो क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >