जमशेदपुर से संजीव भारद्वाज की रिपोर्ट
Bomb Threat: जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई (XLRI) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे शहर में सनसनी फैल गई. ईमेल मिलते ही संस्थान के प्रबंधन के साथ-साथ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत इसकी सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई. इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया गया था.
एसएसपी के निर्देश पर सुरक्षा घेरे में कैंपस
संस्थान के प्रमुख ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसएसपी पीयूष कुमार पांडेय से संपर्क किया और धमकी भरे ई-मेल की जानकारी साझा की. सूचना मिलते ही एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दूबे को पूरी टीम और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया. कुछ ही देर में पुलिस बल ने पूरे कैंपस को अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया.
खाली कराया गया परिसर, सघन जांच जारी
एहतियात के तौर पर एक्सएलआरआइ परिसर को तुरंत खाली कराया जा रहा है. क्लासरूम, हॉस्टल और प्रशासनिक भवनों से छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है. आवश्यक सुरक्षा मापदंडों को अपनाते हुए पुलिस और खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वायड) की मदद से पूरे कैंपस के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है.
साइबर सेल खंगाल रही है ई-मेल का सोर्स
पुलिस का साइबर सेल विभाग यह पता लगाने में जुट गया है कि यह धमकी भरा ई-मेल कहां से और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है. एसएसपी पीयूष कुमार पांडेय ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और जांच पूरी होने तक कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है.
इसे भी पढ़ें: रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट कैंपस में पहुंची बीडीडीएस की टीम
बोकारो-रांची में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
इससे पहले, मंगलवार को रांची के सिविल कोर्ट को उसके ऑफिशियल ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई. इसकी सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट कैंपस को खाली करा दिया गया. सोमवार को बोकारो के सिविल कोर्ट भी साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी.
इसे भी पढ़ें: बोकारो सिविल कोर्ट को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था टाइट
