जमशेदपुर : जुगसलाई थाना अंतर्गत चौक बाजार के पास मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे बाइक से सड़क किनारे खड़ी दूसरी बाइक में टक्कर हो गयी. इसके बाद विवाद हो गया. विवाद गहराने पर नौबत मारपीट तक पहुंच गयी. इस बीच लोग जुट गये. इसके बाद स्पलेंडर बाइक पर सवार युवक जुगसलाई गद्दी मोहल्ला की ओर भागने लगे. भागने के क्रम में युवक ने एक राउंड हवाई फायरिंग की. इससे अफरा- तफरी मच गयी. सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना की पुलिस पहुंची. घटनास्थल की जांच की.
घटनास्थल से नहीं मिला खोखा, पुलिस कर रही जांच
जानकारी के अनुसार जुगसलाई चौक बाजार में छपरहिया मोहल्ला निवासी उज्जवल ठाकुर और बागबेड़ा रिवर व्यू कॉलोनी निवासी शुभम ठाकुर बाइक खड़ी कर बात कर रहे थे. इसी बीच स्पलेंडर बाइक से दो युवक पहुंचे. उन्होंने शुभम ठाकुर की बाइक में टक्कर मार दी. इसके बाद उनके बीच विवाद हो गया. विवाद गहराने पर लोग जुट गये. इसके बाद दोनों युवक स्पलेंडर पर सवार होकर गद्दी मोहल्ला की ओर भागने लगे. घटना के बाद पीड़ित पक्ष जुगसलाई थाना पहुंचा. मामले की शिकायत की. सूचना मिलने पर डीएसपी ( लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार भी जुगसलाई थाना पहुंचे. डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था. लेकिन घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.
बाइक में टक्कर के बाद हुआ विवाद
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर ने सुमित कुमार ने बताया - जुगसलाई चौक बाजार में बाइक में टक्कर के बाद दो पक्षों में विवाद हुआ था. फायरिंग की बात सामने आयी, लेकिन घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.
