प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित लकड़ी टाल के पास बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची टाटा स्टील की सुरक्षा टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की व हाथापायी की स्थिति भी उत्पन्न हो गयी. हालांकि पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी की गयी.जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास चहारदीवारी बनाकर गेट लगाने का काम किया जा रहा था. इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस बल के साथ टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और कथित अतिक्रमण को हटाना शुरू किया. इस दौरान स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध किया, जिससे कुछ देर तक मौके पर हंगामा होता रहा. बाद में टीम निर्माण को हटाकर कार्रवाई पूरी कर लौट गयी.
वहीं, स्थानीय निवासी बिमला देवी ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे अपनी निजी जमीन पर मरम्मत का कार्य करा रही थीं और केवल गेट का पिलर लगाया जा रहा था. उनके अनुसार यह अतिक्रमण नहीं था, फिर भी कंपनी की ओर से निर्माण को तोड़ दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर हो रहे कार्य को जानबूझकर रोका गया है. बिमला देवी ने कहा कि वे इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटायेंगी और प्रशासन से भी न्याय की मांग करेंगी.
