वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
बागबेड़ा डीबी रोड में गुरुवार को हुए सड़क हादसा मामले में पुलिस कार मालिक अवधेश शर्मा और चालक अरुण सिंह को शुक्रवार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इधर, हादसे में घायल प्रेम महतो और सिद्धेश्वर यादव का इलाज चल रहा है. प्रेम महतो की हालत गंभीर बनी हुई है. इस मामले में घायल प्रेम महतो के भाई रौशन कुमार महतो के बयान पर बागबेड़ा थाना में कार चालक, मालिक व अन्य के खिलाफ तेजी व लापरवाही से वाहन चलाकर धक्का मारने का केस दर्ज कराया गया है. मालूम हो कि गुरुवार को बागबेड़ा डीबी रोड में कार से धक्का लगने से प्रेम महतो, सिद्धेश्वर यादव, सरोज शर्मा और एक महिला घायल हो गयी थी. जिसके बाद लोगों ने मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर डीबी रोड चौक को जाम कर हंगामा किया था.
हंगामा करने वालों पर प्राथमिकी की तैयारी
इधर, बागबेड़ा पुलिस हादसा के बाद हंगामा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है. इसके लिए पुलिस हंगामा के दौरान बने वीडियो और फोटो के जरिये लोगों को चिह्नित कर रही है.
