जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित मेडिट्रीना हॉस्पिटल के आईसीयू (ICU) वार्ड में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई. इस अगलगी की घटना में अस्पताल प्रबंधन को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है. हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी मरीज को जान-माल का नुकसान नहीं पहुंचा.
अस्पताल के स्थानीय हेड राजीव कुमार ने बताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे आईसीयू को भारी क्षति पहुंचाई. आग लगते ही अस्पताल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए धुआं फैलने से पहले ही आईसीयू में भर्ती सभी मरीजों को सुरक्षित दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिया.
घटना की सूचना तुरंत झारखंड अग्निशमन विभाग को दी गई. शुरुआत में अस्पताल में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरणों से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. इसके बाद दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया.
परिजनों ने मरीजों के सुरक्षित रहने पर राहत की सांस ली है. अगर समय पर मरीजों को नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.
