अपराधियों के पास से पांच गोली, तीन मैगजीन, एक खोखा बरामद
मरुन रंग की एक वैगनआर कार और छह मोबाइल फोन जब्त
मनीष सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी : सिटी एसपी
Jamshedpur News:
जुगसलाई नगरपालिका कॉम्पलेक्स स्थित यूनिक कलेक्शन में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने घाघीडीह जेल में बंद शातिर बदमाश मनीष सिंह गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनमें जुगसलाई गौशाला नाला रोड सफीगंज मोहल्ला निवासी अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार सिंह उर्फ बड़कू, जुगसलाई पवट मोहल्ला निवासी हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, जुगसलाई खटिक मोहल्ला निवासी अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटीक और चांडिल घोड़ानेगी निवासी बानेश्वर नामता शामिल हैं. गिरफ्तार अपराधियों के पास से चार देसी पिस्तौल, पांच गोली, तीन मैगजीन, एक खोखा बरामद किये गये हैं. इसके साथ ही पुलिस ने मरुन रंग की एक वैगनआर कार और छह मोबाइल फोन जब्त किया है. इस मामले में मनीष सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी. बुधवार को ये जानकारी सिटी एसपी ललित मीना दी.उन्होंने बताया कि गिरफ्तार राहुल सिंह और हरप्रीत सिंह के खिलाफ गोलमुरी थाना में केस दर्ज है. जबकि बानेश्वर नामता के खिलाफ चांडिल, चौका, आरआइटी, तिरुलडीह और पुरुलिया के अड़सा थाना में केस दर्ज है. वही, अंकित सोनकर उर्फ अंकित खटिक के खिलाफ बर्मामाइंस और टेल्को थाना में मामला दर्ज है. मालूम हो कि गत 17 मई को जुगसलाई नगरपालिका कॉम्पलेक्स स्थित यूनिक कलेक्शन में रंगदारी देने से इनकार करने पर इन अपराधियों ने फायरिंग की थी. गोली चलाने के बाद हमलावर मरुन रंग की वैगनआर कार से फरार हो गये थे.
