परिजनों के पूछने पर केंद्र संचालक ने जानकारी हाेने से किया इनकार, मानगो थाने में शिकायत
जमशेदपुर : घोड़ाबांधा निवासी बुधराम कर्मकार की 19 वर्षीय बेटी सुषमा कर्मकार तमिलनाडु के कोयंबटूर जिला के नीलांबूर गांव से लापता हो गयी. सुषमा के गायब होने की शिकायत मानगो थाने में सुषमा के भाई नीलकमल कर्मकार ने दर्ज करायी है.
शिकायत में बताया गया है कि सुषमा मानगो बिग बाजार के पीछे स्थित आरएसडब्ल्यू लिमिटेड स्किल डिवीजन में प्रशिक्षण ले रही थी. सुषमा सेंटर के ही गर्ल्स होस्टल में उसने रहकर प्रशिक्षण लिया. वहीं से उसे कोयंबटूर के नीलांबूर भेजा गया. नीलकमल के अनुसार बहन से एक सप्ताह तक बात हुई लेकिन बीते बुधवार के बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है. परिजनों ने जब मानगो स्थित सेंटर के अधिकारियों से उसके संबंध में पूछा तो उन्होंने किसी जानकारी से इनकार किया.
कौशल विकास सेंटर के अधिकारियों ने कहा वे खुद ही पता करें कि लड़की कहां गयी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस ने शिकायत दर्ज करायी. मानगो थाना पहुंचे आजसू के जमशेदपुर प्रखंड अध्यक्ष राजेश कर्मकार ने सेंटर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुषमा को बरामदगी करने की मांग की है.
