जमशेदपुर : परसुडीह के मकदमपुर रेलवे फाटक के पास गुरुवार की दोपहर डेढ़ बजे बड़ा हादसा टल गया. गिर रहे फाटक को क्रॉस करने के चक्कर में स्कूली बच्चों से भरे ऑटो पर रेलवे फाटक का बैरियर गिर गया. हालांकि बैरियर गिरने से किसी बच्चे को चोट नहीं आयी, लेकिन घटना के बाद टूटे फाटक को हटाने को लेकर सड़क पर जाम लगा गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्टेशन से परसुडीह की अाेर जा रहे ऑटो चालक ने बैरियर गिरने के दौरान ही ऑटो लेकर प्रवेश कर गया. पहला बैरियर ऑटो चालक ने पार कर लिया, लेकिन दूसरे बैरियर पार करते-करते वह फंस गया और ऑटो के पिछले हिस्से पर बैरियर गिर गया. इससे ऑटो का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और बैरियर भी टूट गया. वहीं, घटना के बाद चालक बिना रुके ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के समय रेलवे फाटक को मालगाड़ी क्रॉस कर रहा था.
मालगाड़ी को क्रॉस कराने के लिए ही फाटक को गिराया जा रहा था. ऑटो चालक रेल लाइन क्रॉस करने के चक्कर में खुद के साथ बच्चों की जान की भी परवाह नहीं किया. इसको लेकर लोग आक्रोशित भी हो गये. इधर रेलवे की ओर से फाटक पर दो अतिरिक्त गेटमैन की तैनाती कर दी गयी है. ट्रेन के आने-जाने पर लोहे के जंजीर से गेटमैन दोनों ओर गाड़ी वालों को रोक रहे हैं. ऐसे यहां दो शिफ्ट में एक-एक स्टाफ की ड्यूटी लगाया जाता है. बैरियर का मरम्मत रात में कराया जायेगा.
