जमशेदपुर: बारिश का पानी बस्तियों-घरों में प्रवेश न हो, इसके लिए उपायुक्त डॉ अमिताभ कौशल ने अंचलाधिकारी को नदी-नालों से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है.
यह आदेश संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया गया. बैठक में एडीसी गणोश कुमार, एसडीओ प्रेम रंजन, जुस्को के महाप्रबंधक कैप्टन धनंजय मिश्र, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी दीपक सहाय, मानगो अक्षेस व जुगसलाई नगर पालिका के विशेष पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव, अंचलाधिकारी प्रभात भूषण उपस्थित थे.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नाले की सफाई के बाद कचरा किनारे में न रखें. कितनी गहराई तक सफाई की गयी इसकी मापी कर लें. नदी किनारे के निचले इलाकों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. बैठक में जुस्को के महाप्रबंधक कैप्टन धनंजय मिश्र ने बताया कि सी टाउन नाला ( केरला पब्लिक स्कूल, कालीमाटी रोड, काशीडीह, भुइयांडीह होकर गुजरने वाला नाला ) की सफाई शुरू की गयी है.
इसे पूरी तरह साफ करने में पांच से छह माह लगेंगे. जुस्को के क्षेत्र के सभी 14 स्लुइस गेटों को ठीक करा दिया गया है. उपायुक्त ने उसकी फिर से जांच करने का निर्देश दिया. मानगो अक्षेस के विशेष पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव ने मानगो क्षेत्र के तीन स्लुइस गेट की मरम्मत को आवश्यक बताया. उपायुक्त ने जल संसाधन विभाग को इसकी मरम्मत करने के लिए संपर्क करने की बात कही.
