संदीप सावर्ण
जमशेदपुर : पूरे राज्य में नवनियुक्त 1235 शिक्षकों की विषयवार नियुक्तियां की गयीं. पूर्वी सिंहभूम में 34 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति हुई है. इनमें 29 को पदस्थापित कर दिया गया है. इनमें दो शिक्षकों को प्रतिनियोजित किया गया है. इन शिक्षकों को जहां भेजा गया है, उनमें पांच स्कूल ऐसे हैं, जहां जिन तीन विषय में उनकी प्रतिनियुक्ति हुई है, उनमें एक भी विद्यार्थी नहीं है. यानी बगैर विद्यार्थी के ही स्कूलों में शिक्षकों का पदस्थापन कर दिया गया है.
करीब चार स्कूलों में किसी खास विषय के एक विद्यार्थी के लिए एक शिक्षक की प्रतिनियुक्ति हुई है. सबसे खराब स्थिति विज्ञान व वाणिज्य संकाय की है. कॉमर्स संकाय में 80 फीसदी तक सीटें रिक्त रह जाती हैं. इसके बाद भी इन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या व पठन-पाठन का आकलन किये बिना ही शिक्षकों की नियुक्ति कर दी गयी.
कॉमर्स के तीन मामले : प्रभात खबर की पड़ताल में यह बात सामने आयी कि उत्क्रमित+2 हाइ स्कूल खंडामौदा, बहरागोड़ा, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाइ स्कूल, पोटका व प्लस टू हाइ स्कूल, सिमुलडांगा में कॉमर्स के एक भी छात्र नहीं हैं.
पर यहां कॉमर्स के एक-एक शिक्षक को पदस्थापित कर दिया गया है. इसी तरह मिलन बिथी हाइ स्कूल ज्वालकाटा, गुड़ाबांध में जीवविज्ञान के और उत्क्रमित प्लस टू हाइ स्कूल खंडामौदा, बहरागोड़ा में गणित के एक भी छात्र नहीं हैं. पर इन स्कूलों में संबंधित विषय के शिक्षक पदस्थापित किये गये हैं.
बिना विद्यार्थियों की संख्या का सर्वे किये खुल गये स्कूल
राज्य में कुल 510 प्लस टू स्कूल है. राज्य गठन के समय झारखंड में कुल 59 प्लस टू स्कूल थे. इसके बाद 171 हाइस्कूलों को प्लस टू में अपग्रेड किया गया. वर्ष 2016 में 280 हाइस्कूल को प्लस टू स्कूल में अपग्रेड किया गया. राज्य में और भी प्लस टू स्कूल खोलने की योजना है. 280 प्लस टू स्कूल खोले जाने के पूर्व विद्यार्थियों की संख्या का सर्वे ठीक तरीके से नहीं किये जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है.
जिले को मिले थे 34 शिक्षक, 29 को किया गया पदस्थापित
क्या है विभागीय दलील
विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों का कहना है कि स्कूल में अब तक एक भी शिक्षक नहीं थे, इसी वजह से बच्चे साइंस या कॉमर्स में एडमिशन नहीं लेते थे. इसी वजह से स्कूलों में साइंस व कॉमर्स के विद्यार्थियों की संख्या शून्य है. लेकिन अब जब प्लस टू को पढ़ाने के लिए शिक्षकों को पदस्थापित किया गया है, तो जाहिर तौर पर अगले सत्र में बच्चों का एडमिशन हो सकेगा.
स्कूल में विषयवार शिक्षक व विद्यार्थियों की संख्या का नमूना
शिक्षक विद्यालय विषय विद्यार्थी
सुखदेव राणा एमबी हाइस्कूल ज्वालकाटा जीव विज्ञान 00
कमल पडिहारी उ +2 स्कूल खंडामौदा गणित 00
पुर्नेंदु हांसदा उ +2 स्कूल खंडामौदा कॉमर्स 00
पिंकी दिव्या उ +2 प्रो गर्ल्स स्कूल, पोटका कॉमर्स 00
प्रमोद कुमार उ +2 स्कूल, सिमुलडांगा कॉमर्स 00
जिनिद सेतेंग उ +2 स्कूल , मानपुर पोटका कॉमर्स 01
बुलबुल साह उ +2 स्कूल , मानपुर पोटका इंग्लिश 01
चंद्र शेखर भकत उ +2 स्कूल , मानपुर पोटका मैथ 01
कमरुद्दीन अंसारी उ +2 स्कूल , सिमुलडांगा गणित 1
शर्मिष्ठा मंडल उ +2 प्रो गर्ल्स स्कूल, पोटका गणित 2
कृष्णा टुडू उ +2 स्कूल , मानपुर पोटका जीवविज्ञान 3
गौरव कुमार एमबी हाइस्कूल ज्वालकाटा गणित 4
