जमशेदपुर: आरवीएस कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में मेटलर्जी के विद्यार्थियों की परीक्षा जल्द होगी. कोल्हान विश्वविद्यालय में बोर्ड ऑफ स्टडीज का गठन किया गया है, ताकि परीक्षा आदि से संबंधित परेशानियों को दूर किया जा सके. विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया है कि इस महीने के अंत तक सिलेबस तय कर लिया जायेगा. इसके साथ ही यह परेशानी समाप्त हो जायेगी.
कॉलेज में इस विभाग की शुरुआत हाल ही में की गयी है. कॉलेज प्रबंधन ने जहां विभाग में बेहतर आधारभूत संरचना व उपकरण उपलब्ध कराये हैं, वहीं विश्वविद्यालय स्तर पर भी सिलेबस आदि की परेशानियों को लगभग दूर कर लिया गया है.
बोर्ड की बैठक इसी महीने : कुलपति. सिलेबस को लेकर गठित बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक इसी महीने होना तय है. विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आरपीपी सिंह ने बताया कि छात्रहित व विभिन्न विभागों के बेहतर संचालन के लिए यथासंभव आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. इस परेशानी को महीने के अंत तक दूर कर लिया जायेगा. इस महीने के अंत तक बोर्ड की बैठक कर सिलेबस तय कर लिया जायेगा.
गेट में कॉलेज के छात्रों का श्रेष्ठ प्रदर्शन.आइआइटी द्वारा आयोजित गेट की परीक्षा में कॉलेज के विद्यार्थियों का साल-दर-साल प्रदर्शन बेहतर रहा है.
इस परीक्षा में कॉलेज के 20 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 परसेंटाइल व इससे अधिक हासिल किया है. इनमें एमए ब्रांच के 08, इसीइ के 04, इइइ के 04, सीइसइ के 02 समेत अन्य विद्यार्थी भी शामिल हैं.
