जमशेदपुर: टेल्को थानांतर्गत बारी नगर स्थित विकास मैदान के पास बाइक सवार दो युवकों ने नसरीन बेगम नामक युवती से 90 हजार रुपये छीन कर फरार हो गये. घटना मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे की है.
महिला ने टेल्क ो थाना में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कराया है. दोनों युवक 25 से 30 वर्ष के बीच के थे. घटना के संबंध में नसरीन बेगम की मां शाहिदा बेगम ने बताया कि वह बारी नगर ए रोड की रहने वाली है. टेल्को स्थित बैंक ऑफ इंडिया से मंगलवार को उसने 90 हजार रुपये निकाले और उसे प्लास्टिक में रख कर अपनी बेटी (नसरीन) को दे दिया. दोनों मां-बेटी बस से खड़ंगाझार स्टैंड पर उतरीं. वहां से दोनों बारी नगर अपने घर के लिए पैदल जाने लगीं. विकास मैदान के पास पहले से दो लड़के हेलमेट पहने बाइक (काले रंग की पैशन प्रो) के साथ खड़े थे. जैसे ही वे बाइक के पास पहुंची, एक लड़के ने पैसे भरा प्लास्टिक का बैग छीना और दोनों बाइक से फरार हो गये. महिला के शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली, तब तक दोनों युवक फरार हो चुके थे. सूचना पाकर टेल्को पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जानकारी ली. इतने में महिला के परिवार के लोग भी टेल्को थाना पहुंच गये.
चेक शर्ट पहने थे आरोपी
शाहिदा बेगम की बेटी नसरीन ने बताया कि बाइक के साथ खड़े युवक 25 से 30 वर्ष के थे. एक चेक शर्ट और दूसरा कंपनी के यूनिफॉर्म जैसा शर्ट पहने हुए था. उसकी गतिविधियों से लग रहा था कि उनको पहले से इस बात की जानकारी थी और वे हमलोगों के आने का इंतजार कर रहे थे. पास पहुंचते ही एक ने झपट्टा मार कर हाथ से प्लास्टिक छीना और मौके से फरार हो गये.
छिनतई कर परसुडीह की ओर भागे. पुलिस को शक है कि पैसा छीनने के बाद बाइक सवार परसुडीह की ओर भागे हैं. टेल्को पुलिस ने परसुडीह की ओर जाकर भी छानबीन की है. मामले की जानकारी परसुडीह और गोविंदपुर थाना को दे दी गयी है.
