जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत जलेबी लाइन में सोमवार की रात नौ बजे के करीब हरीश इलेक्ट्रिकल के मालिक अशोक चौधरी के बेटे अमन चौधरी से मारपीट करने के बाद हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की. अमन के साथ ही उसके दोस्त गप्पू गोयल को खदेड़कर अपराधियों ने रॉड से हमला किया. अमन चौधरी को पैर में चोट लगी है.
उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया. अमन और उसके पिता ने फायरिंग का आरोप जुगसलाई के मनीष कुमार, नदीम और विशाल कावंटिया पर लगाया है. वहीं, घटना के बाद डीएसपी अनुदीप सिंह, साकची थानेदार मदन शर्मा पहुंचे और मामले की जानकारी ली. हमलावरों की पहचान और भागने की दिशा की जांच पुलिस ने होटल करनैल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की. पुलिस को जांच में घटनास्थल से कोई खोखा नहीं मिला है. साकची थाने में समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी. इधर, पुलिस को अभी तक की जांच में दुकानदार का कुछ लोगों से रुपये लेनदेन का विवाद भी सामने आया है.
अंकुर को खोजने आये थे हमलावर. पुलिस सूत्रों के मुताबिक अंकुर चौधरी को हमलावर खोजने आये थे. अंकुर का हमलावरों से कुछ लेनदेन है, जिसको लेकर विवाद चल रहा था. पिछले कुछ दिनों से अंकुर दुकान पर नहीं बैठता था. अंकुर रविवार को दुकान पर था. इसकी सूचना हमलावरों को हुई. हमलावर दुकान बंद करने से कुछ मिनट पहले दुकान पर आये, लेकिन वहां अंकुर नहीं मिला, जिसके बाद हमलावरों ने अमन चौधरी और उसके दोस्त पर हमला किया.
पहले भी हमला कर चुके हैं अपराधी. दुकानदार मुकेश चौधरी और अशोक चौधरी ने बताया कि मनीष अपने साथियों के साथ रंगदारी मांगता है. 11 अप्रैल को दुकान में मारपीट कर गले से चेन छीन लिया था. उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया. पुलिस ने उसे छोड़ दिया. दूसरे दिन 12 अप्रैल को दोबारा मनीष अपने साथियों के साथ दुकान पर आया और तोड़फोड़ की. इसके बाद 26 मई को तीसरी बार मनीष अपने साथियों के साथ आया और धमकाने लगा.
दोस्त से बातचीत कर रहा था, तभी हमलावर पहुंचे
घायल अमन ने बताया कि वह गप्पू गोयल के साथ दुकान के बाहर था. तभी बाइक पर मनीष, नदीम और विशाल आये. तीनों ने मारपीट शुरू कर दी. गप्पू भागकर खाजा की दुकान में घुस गया. वहां भी उसे एक हमलावर ने रॉड से पीटा. शोरगुल होने पर मनीष ने तीन राउंड गोली चलायी और मान सरोवर चौक की तरफ भाग गये.
