कार सीख रही युवती के सामने आया कुत्ता, बचाने में स्कूटी पर पलटी कार, छह जख्मी, एक गंभीर

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत मरीन ड्राइव पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार के पलटकर सड़क की दूसरी ओर जा रही स्कूटी पर गिरने से उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. एमजीएम में प्राथमिक चिकित्सा के बाद तीनों युवकों को टीएमएच में भर्ती कराया गया है. घायलों में सूर्या हेम्ब्रम, […]

जमशेदपुर : बिष्टुपुर थानांतर्गत मरीन ड्राइव पर सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार के पलटकर सड़क की दूसरी ओर जा रही स्कूटी पर गिरने से उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. एमजीएम में प्राथमिक चिकित्सा के बाद तीनों युवकों को टीएमएच में भर्ती कराया गया है. घायलों में सूर्या हेम्ब्रम, आकाश सिंह और विक्रांत कुमार शामिल हैं.
सूर्या की स्थिति नाजुक होने पर उसे सीसीयू में रखा गया है. वहीं कार में सवार एक युवती और दो युवकों को भी मामूली चाेट आयी है. घटना सुबह 11 बजे की है. कार सीख रही युवती के सामने आये कुत्ता से बचने में यह हादसा हुआ. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और स्कूटी को जब्त कर लिया है. कार आदर्श नगर निवासी पंकज कुमार सिंह की है. पंकज ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर घायलों के इलाज के लिए 20 हजार रुपये अस्पताल में जमा कराया है.
कार मालिक के घर हंगामा. स्कूटी सवार युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सूर्या, आकाश और विक्रांत के परिजनों ने कार मालिक के घर का पता लगाया और बस्ती के कई लोग आदर्श नगर घर पहुंच गये. दर्जनों लोगों को देखकर परिवार के लोगों ने गेट नहीं खोला. उसके बाद सोनारी और बिष्टुपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह के घर पहुंचे और लोगों की उनसे बात करायी. पंकज कुमार सिंह ने घायल के परिवार के लोगों को बिष्टुपुर थाना में आकर बात करने और इलाज का खर्च देने की बात स्वीकार की.
यह है घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोनारी से साकची की ओर कार तेज रफ्तार से आ रही थी. कार में दो युवक, एक युवती और एक पालतू कुत्ता सवार था. कार युवती चला रही थी. अचानक कार के सामने एक कुत्ता आ गया. कुत्ता को बचाने के लिए युवती ने कार को मोड़ा, लेकिन स्पीड अधिक होने के कारण कार डिवाइडर से टकराकर सड़क की दूसरी ओर साकची से दोमुहानी की ओर जाने वाली सड़क पर पलटते ही सड़क से गुजर रहे स्कूटी पर जा गिरी.
स्कूटी पर सवार तीनों युवक कार से दब कर जख्मी हो गये. 108 एंबुलेंस के चालक और अटेंडर ने तीनों को कार के नीचे से निकालकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. स्थल पर मौजूद लोगों ने कार में फंसे दोनों भाई और युवती समेत पालतू कुत्ता को बाहर निकाला. कार सवार लोगों को पुलिस एमजीएम अस्पताल ले गये. प्राथमिकी चिकित्सा के बाद तीनों वहां से फरार हो गये. पुलिस के अनुसार कार में सवार तीनों नाबालिग है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >