जमशेदपुर : वीमेंस कॉलेज में स्नातक द्वितीय, चतुर्थ एवं छठे सेमेस्टर का परीक्षा फार्म भरने के दौरान बुधवार को फिर से हंगामा हुआ. अपनी परेशानी बताने के लिए सैकड़ों की संख्या में छात्राएं प्रिंसिपल के पास गयी लेकिन कॉलेज में चल रहे कार्यक्रम के कारण प्राचार्य से उनकी बात नहीं हो सकी.
ऑनलाइन पेमेंट भुगतान करने के बावजूद सर्वर में पेमेंट-शो नहीं करने के कारण छात्राओं को इधर-उधर भटकना पड़ा. परेशानी बढ़ने पर कॉलेज प्रशासन ने सर्वर एक्सपर्ट को बुलाया. इसके बाद देर शाम तक सिस्टम अपडेट करने का काम चलता रहा. कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं की परेशानी देखते हुए 23 अप्रैल तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी हे. यह तिथि 18 अप्रैल को समाप्त हो रही थी. बुधवार को भी काउंटर पर छात्राओं की लंबी लाइन थी.
