जमशेदपुर : आगामी 18 अप्रैल को होने वाले टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन चुनाव में सोमवार को तीन प्रत्याशियों ने नामांकन वापस ले लिया. नामांकन वापस लेने वालों में पूर्व महामंत्री सुशील श्रीवास्तव, पूर्व कमेटी मेंबर जयपाल और प्रियरंजन शामिल हैं. तीनों ने एटीपी सीट से नामांकन दाखिल किया था. सोमवार को दिन के 3 बजे तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित था. इसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी महेंद्र कुमार विश्वकर्मा और वरुण कुमार सिंह ने आॅफ्टर मार्केट से एक मात्र नामांकन दाखिल होने से निर्वतमान कमेटी मेंबर अजीत सिंह निर्विरोध घोषित कर दिया.
सुबह नौ से चार बजे तक मतदान
नामांकन वापसी और एक सीट पर प्रत्याशी के निर्विरोध होने के बाद अब यूनियन के 18 कमेटी मेंबर पद पर चुनाव होगा. 805 वोटर 18 कमेटी मेंबर पद के 50 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. 18 अप्रैल को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक कंपनी परिसर में चुनाव होगा. उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी और चुनाव परिणाम घोषित किये जायेंगे. यूनियन का यह पांचवां चुनाव है. चुनाव में 56 लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदा था लेकिन दो ने नामांकन फाॅर्म जमा नहीं किया.
वोट करने के लिए दिखाना होगा गेट पास
जमशेदपुर. चुनाव में भाग लेने वाले वोटरों को पहचान के तौर पर गेट पास दिखाना होगा. इसके बाद ही उन्हें वोट देने दिया जायेगा. कंपनी परिसर स्थित इंजन ट्रेनिंग स्थल पर मतदान होगा. एटीपी में दो और बाकी जगहों पर एक बैलेट बॉक्स रखा जायेगा जहां वोटर वोट करेंगे. पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी करायी की जायेगी.
