जमशेदपुर : मौसम ने एक बार फिर तय समय से पहले सूरज को विदा कर दिया. जमशेदपुर सहित आसपास के इलाकों में शाम तीन बजे आसमान में काले बादल छा गये और चारों तरफ अंधेरा हो गया. तेज हवाओं व भारी गरज के साथ जबरदस्त बारिश हुई. कई इलाकों में ओले पड़े.
मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में 15.5 एमएम बारिश रिकाॅर्ड की गयी. हवा की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा रही. शहर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा. हवा में आर्द्रता अधिकतम 95 फीसदी तथा न्यूनतम 44 फीसदी रहा. मौसम विभाग की मानें, तो शुक्रवार को आसमान में बादल रहेंगे. बारिश की संभावना है.
कई इलाकों में पानी घुसा. शुक्रवार शाम हुई बारिश में शहर के कई निचले इलाके में जलजमाव की स्थिति हो गयी. शहर की कई मुख्य सड़कों पर भी पानी जमा हो गया. तेज हवाओं में कुछ इलाकों में पेड़ की डालियां टूट कर गिरीं. कुछ जगह बिजली के तार भी टूट कर लटक गये. बारिश के दौरान अधिकांश गैर कंपनी इलाकों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही.
