कॉलेज स्टूडेंट्स का गैंग कर रहा था मोबाइल छिनतई, चार धराये

सस्ते दाम में बेचे गये 17 कीमती फोन बरामद 22 मोबाइल लूट चुका है गिरोह गिरोह में सजायाफ्ता टाटा स्टील का निलंबित सुरक्षाकर्मी बबलू मांझी भी शामिल जमशेदपुर : नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों को फ्लैट व सुनसान स्थान पर बुलाकर मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने बुधवार […]

सस्ते दाम में बेचे गये 17 कीमती फोन बरामद 22 मोबाइल लूट चुका है गिरोह

गिरोह में सजायाफ्ता टाटा स्टील का निलंबित सुरक्षाकर्मी बबलू मांझी भी शामिल
जमशेदपुर : नौकरी दिलाने के नाम पर युवकों को फ्लैट व सुनसान स्थान पर बुलाकर मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया है. गिरोह का संचालन करीम सिटी कॉलेज में बी-कॉम का छात्र अमित उपाध्याय अपने साथियों संग कर रहा था. सरजामदा इजीएल चौक निवासी अमित के अलावा इस गिरोह में आइटीआइ की पढ़ाई कर रहा गोरांगो मंडल (पुराना सरजामदा), कृष्णा टुडू (बड़ा गोविंदपुर) तथा टाटा स्टील का सुरक्षाकर्मी बबलू मांझी (सरजामदा) शामिल है, चारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने छिनतई की 22 घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने 17 कीमती मोबाइल फोन बरामद कर लिया है जिसे लूट के बाद विभिन्न लोगों को बेच दिया था. पांच मोबाइल बरामद करने का प्रयास पुलिस कर रही है.
एसएसपी अनूप बिरथरे ने बुधवार को बताया कि छात्रों का यह गिरोह ओलेक्स में टाटा स्टील, बजाज एलायंस समेत अन्य कंपनियों का विज्ञापन देकर युवकों को फंसाता था. उन्हें अलग-अलग स्थान पर बुलाकर तीन माह से लूटपाट को अंजाम पकड़े गये युवक दे रहे थे. परसुडीह पुलिस ने गिरफ्तार युवकों को 28 मार्च की सुबह सोनारी निवासी ओला चालक नवल किशोर दास से मोबाइल फोन छिनतई करने के अारोप में जेल भेजा है. इस गिरोह ने परसुडीह परमथनगर के दीपक कुमार को एक दिन पूर्व ही सरजामदा चौक पर नौकरी दिलाने के नाम पर बुलाया था और मोबाइल छीनकर फरार हो गये थे. पुलिस आरोपियों तक तकनीकी सेल और ओलेक्स में दिये गये विज्ञापन के आधार पर पहुंची. पुलिस ने जाल बिछाकर नौकरी के लिए कॉल कर गिरोह के एक सदस्य को पहले पकड़ा, फिर उसके जरिये सभी तक पहुंची. संवाददाता सम्मेलन में सिटी एसपी प्रभात कुमार, डीएसपी बिमल कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी अनिमेष गुप्ता भी मौजूद थे. मोबाइल फोन का लॉक तोड़ता था गोरांगाे. एसएसपी के अनुसार गोरांगो वर्तमान में आइटीआइ की पढ़ाई कर रहा है. उसकी सरजामदा में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है. छिनतई के बाद कीमती मोबाइल फोन का लॉक खोलने (पासवर्ड क्रैक) का काम गोरांगो करता था. लॉक खुलने के बाद 30 से 50 हजार के कीमती फोन को चार से पांच हजार रुपये में बेच दिया जाता था. कृष्णा टुडू की भी खखडीपाड़ा में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है. टाटा स्टील से निलंबित है सजायाफ्ता सुरक्षाकर्मी बबलू मांझी. गिरफ्तार बैरभ मांझी उर्फ बबलू मांझी सजायाफ्ता है जो टाटा स्टील का सुरक्षाकर्मी है. कुछ माह पूर्व वह जेल से बाहर आया है.
बबलू मांझी को कंपनी ने सस्पेंड कर दिया गया. निलंबित होने के बाद वह अमित के साथ मिलकर मोबाइल छिनतई का काम कर रहा था. बबलू के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है. गर्भवती को भी ठग चुका है अमित. पुलिस के मुताबिक अमित उपाध्याय ने तीन माह पूर्व एक गर्भवती महिला से उसके पति की नौकरी दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये ठगे थे. इसकी जानकारी बिष्टुपुर पुलिस को मिली. पुलिस अमित को टाटा मोटर्स अस्पताल से पकड़कर थाना लायी. थाना में अमित के पिता ने महिला को 15 हजार रुपये लौटाया था.
पिता की टोपी, कपड़े व बूट पहनकर बेरोजगारों के सामने आता था अमित
मोबाइल छीनने वाले गिरोह का मास्टर माइंड अमित उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि जाल में फंसे युवकों को बिष्टुपुर में टाटा स्टील कंपनी के सुरक्षाकर्मी बबलू मांझी के क्वार्टर पर बुलाया जाता था. यहां कंपनी का एप लोड करने के नाम पर मोबाइल फोन लेकर सभी फरार हो जाते थे. कार्य को अंजाम देने के लिए वह अपने पिता की टोपी, कपड़े और बूट पहनकर ऑफिसर के रूप में बेरोजगारों के सामने पहुंचता था. उसने बताया कि अपनी मां के नाम पर चार बाइक विभिन कंपनियों से फाइनेंस कराकर उसने दूसरों को बेच दिया. अमित ने घर से लैपटॉप व मोबाइल चोरी किया था, जिसकी शिकायत परिवार ने पुलिस को नहीं की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >