जमशेदपुर : श्रम नियोजन और प्रशिक्षण विभाग ने ठेका श्रमिकों का वेतनमान तय कर दिया है. श्रमायुक्त उमाशंकर सिंह के आदेश से एक अप्रैल 2018 की तिथि से नयी दर को लागू कर दिया गया है. ठेका मजदूर विनियमन एवं उन्मूलन नियमावली 1972 के तहत ठेका श्रमिकों के सेवा शर्तों और मजदूरी की दरों का निर्धारण किया गया है. अकुशल कर्मचारियों को पहले 6550 रुपये प्रतिमाह था, जिसको 1 अप्रैल 2018 से वेरिएबल डीए 854.12 रुपये जोड़कर 7404.12 रुपये प्रतिमाह देने को कहा है.
इसके अलावा अर्द्धकुशल कर्मचारियों का 6860 रुपये था, जिसका वेरिएबल डीए को 894.54 रुपये भी जोड़ा गया है, जिसके तहत 7754.54 रुपये प्रतिमाह तय किया है. कुशल कर्मचारियों को 9120 रुपये वेतनमान तय किया गया था, जिसके तहत वेरिएबल डीए की राशि 1189.24 रुपये को जोड़कर देने को कहा गया है, जिसकी राशि 10309.24 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है. इसके अलावा अति कुशल का 10450 रुपये तय किया गया है, जिसके लिए 1362.68 रुपये वीडीए तय किया गया है, जिसको जोड़कर 11812.68 रुपये मिलेंगे. इस राशि को सभी कंपनियों को देने का निर्देश दिया गया है.
