दो करोड़ की लागत वाली जर्जरहाल सड़क पर छह माह में दुर्घटना में दर्जनों लोग हो चुके है चोटिल
जमशेदपुर : छोटा गोविंदपुर डिस्पेंसरी मोड़ से राममंदिर तक नौ माह पूर्व बनायी गयी सड़क धंसने लगी है. पटेल भवन के समीप सड़क पर कई जगह गिट्टी बाहर निकल आयी है. एक-दो दिन की हल्की बारिश ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता की पोल खोल दी है. अब जर्जर सड़क दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रही. पिछले छह माह में सड़क पर दर्जनों की संख्या में लोग घायल हो चुके है. मुख्य सड़क पर कई जगह पुलिया निर्माण अौर पाइप बिछाने के लिए स्थान छोड़कर सड़क निर्माण कराये जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही. सड़क निर्माण पर दो करोड़ खर्च किये गये थे. कई जगह पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन डिस्पेंसरी मोड़ से राममंदिर तक सड़क निर्माण में गुणवत्ता से अनदेखी किये जाने की बात लोग कह रहे हैं.
एक दर्जन से ज्यादा शिकायत : छोटा गोविंदपुर हाउसिंग कॉलोनी में पाइप लाइन बिछाने के बाद बनायी गयी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाये गये हैं. एक दर्जन से ज्यादा शिकायतें स्थानीय जिला पार्षद सदस्य, सामाजिक अौर राजनीतिक दलों के लोगों द्वारा डीसी से की गयी है.
छोटागोविंदपुर में सड़क धंसने की जानकारी नहीं है. पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क का निर्माण किया जाना है, इस कारण घर-घर कनेक्शन के बाद ही एजेंसी द्वारा सही ढंग से काम किया जा सकेगा.
शिशिर सोरेन, पेयजल कार्यपालक अभियंता
