मनोहरपुर : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के मेदासाई में विगत एक वर्ष में पांच परिवारों के धर्मांतरण का मामला पुलिस के समक्ष पहुंच गया है. मामले की संवेदनशीलता के मद्देनजर मंगलवार को मनोहरपुर पुलिस मेदासाई गांव जाकर दोनों पक्षों से पूछताछ करते हुए वार्ता की. मनोहरपुर के थाना प्रभारी सह प्रशिक्षु आइपीएस आर. रामकुमार, पुलिस निरीक्षक मोहम्मद खुर्शीद आलम समेत अन्य पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की गयी.
मौके पर उपस्थित मनोहरपुर पूर्वी के मुखिया शंभुधर नायक, पंसस संजय किशोर सिंहदेव को आवश्यक निर्देश भी दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि स्वेच्छा से किसी भी धर्म को अपनाने पर लोगों को इसका विरोध नहीं करना चाहिए. वैसे लोगों को कानून भी प्रताड़ित नहीं कर सकती. राज्य सरकार द्वारा लागू किये धर्मांतरण कानून के तहत अगर किसी को धर्म परिवर्तन करना है, तो उसे कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा. धर्म बदलने से पहले डीसी ऑफिस में आवेदन देना होगा. विभिन्न प्रक्रियाओं को पूरा करना हो. अधिकारियों ने कहा कि किसी को प्रलोभन देकर अथवा डरा-धमका कर उसका धर्म परिवर्तन करवाया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि समाज के द्वारा गांव से बहिष्कार का फैसला सुनाए जाने के बाद सुमन चाम्पिया व उसके भाई अजय चाम्पिया ने लिखित रूप से मनोहरपुर पुलिस से शिकायत की है.
सुमन व अजय ने पुलिस को बताया कि सोमवार को गांव के लोगों ने उनलोगों को सार्वजनिक स्थल से पानी लेने से मना कर दिया. धमकाते हुए पुलिस से इसकी शिकायत नहीं करने की चेतावनी दी. उसने गांव के लोगों पर उनकी जमीन से बेदखल करने का भी आरोप लगाया. अपने जान-माल की रक्षा के मद्देनजर दोनों ने पुलिस से शिकायत की. जिसके बाद पुलिस मंगलवार को गांव पहुंची. मौके पर सरना समाज के बंधना उरांव, विश्वजीत समद, अजय सुरीन, सोमा चाम्पिया, मंगल नायक, कार्तिक गोप, पूसा सुरीन समेत ग्रामीण मौजूद थे.
