जमशेदपुर : नौकरियों और शिक्षा में जाति के आधार पर आरक्षण के विरोध में सोशल मीडिया पर 10 अप्रैल को की गयी भारत बंद की घोषणा के बावजूद शहर के सभी प्राइवेट स्कूल खुले रहेंगे.
स्कूल प्रबंधकों की अोर से बताया गया कि स्कूल में बंद नहीं रखा गया है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावक अपने विवेक से निर्णय लें. इधर, कारमेल जूनियर कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि सामान्य दिनों की तरह ही नियमित रूप से क्लास संचालित होगी, सिर्फ प्राइमरी सेक्शन में छुट्टी दी गयी है.
चालकों ने व्यक्तिगत तौर पर कहा नहीं चलायेंगे अॉटो-वैन. 2 अप्रैल को भारत बंदी के दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गयी थी. अब मंगलवार की बंदी को लेकर शहर के स्कूल वैन व अॉटो चालक सहमे हुए हैं. बारीडीह से कॉन्वेंट स्कूल तक अॉटो चलाने वाले सोमेन ने बताया कि उन्होंने अभिभावकों को कह दिया है कि वे बंदी के दिन बच्चों के लेकर नहीं निकलेंगे. अभिभावक अपने स्तर से बच्चों को पहुंचाने की व्यवस्था करें. हालांकि अॉटो या वैन चालक संघ की अोर से इस तरह की किसी प्रकार की कोई घोषणा नहीं की गयी है. वहीं नेता जी सुभाष पब्लिक स्कूल में छुट्टी रहेगी.
राजपूत करणी सेना का भारत बंद को समर्थन नहीं. भारत बंद के आह्वाहन किया जा रहा है. श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के कोल्हान उपाध्यक्ष ने इस विषय में अपनी बात रखते हुए साफ कर दी है कि वे किसी भी तरह का भारत बंद का समर्थन नहीं करते है.
