जमशेदपुर : बागबेड़ा गाढ़ाबासा भिखारी मैदान के समीप रहने वाले पांचवी के छात्र अमन गुप्ता (10) पुत्र अशोक गुप्ता ने रविवार की देर रात दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. वह जुगसलाई स्थित गुरुनानक मिशन प्राइमरी स्कूल में पांचवीं का छात्र था. परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई को लेकर एक सप्ताह से तनाव में था. पोस्टमार्टम के बाद शव का पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया.
अमन के चाचा विनोद गुप्ता ने बताया कि रविवार रात को तीनों भाइयों ने एक साथ खाना खाया और एक ही कमरे में सोने चले गये. देर रात को अमन कमरे से बाहर आया और किचन में जाकर दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. सोमवार सुबह अमन बिस्तर पर नहीं दिखा. मां चंदा देवी जब किचन में गयी, तो अमन को फंदे से झूलता देखा. हल्ला करने पर परिवार के लोगों ने अमन को नीचे उतारा और एमजीएम अस्पताल ले गये. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद सूचना बागबेड़ा पुलिस को दी गयी.
10 दिन से स्कूल नहीं जाना चाहता था अमन. अमन के चाचा विनोद गुप्ता ने बताया कि अमन जुगसलाई के गुरुनानक मिशन प्राइमरी इंग्लिश स्कूल में पांचवी का छात्र था. वह पढ़ने में काफी अच्छा था. एक वर्ष पूर्व तक उसका मन पढ़ाई में काफी लगता था. चौथी में उसे कक्षा में आठवां स्थान मिला था. पिछले दस दिन से वह स्कूल जाने में आनाकानी कर रहा था. वह कहता था कि स्कूल जाने का मन नहीं कर रहा. उसे स्कूल नहीं जाना है. उससे पढ़ाई नहीं हो पा रही है. इस बात को लेकर स्कूल में टीचर भी उसे प्रताड़ित करते थे.
स्कूल में अधिक होमवर्क मिलता है, जिसे वह पूरा नहीं कर पाता. उसने घर में स्कूल के शिक्षकों द्वारा मारपीट करने की बात भी बतायी थी. तब परिवार के लोगोें ने यह सोचा की नयी कक्षा में जाने के कारण ऐसा हो रहा है. 15 दिन पूर्व ही उसका पांचवीं कक्षा में नामांकन कराया गया था. उसके लिए नयी कॉपी और किताबें भी खरीदी गयी थी. दो दिन पूर्व ही स्कूल से डायरी मिली थी.
