जमशेदपुर : ग्रेच्युटी के नियमों में बदलाव की मांग को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन की टीम अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के नेतृत्व में सोमवार को सांसद विद्युत वरण महतो से मिली तथा उन्हें ज्ञापन सौंपा. सांसद से मांग की कि संसद में वे मजदूरों की आवाज उठायें ताकि उन्हें नुकसान न हो.
ज्ञापन में मांग की गयी है कि 29 मार्च को किये गये संशोधन के तहत टैक्स के दायरे में आने वाली ग्रेच्युटी की राशि को 20 लाख रुपये की सीलिंग को समाप्त की जाये. इससे टाटा स्टील के कर्मचारियों पर ज्यादा असर पड़ रहा है. एक अप्रैल 2016 से बदलाव को लागू करने की मांग की गयी है ताकि लोगों को ग्रेच्युटी की राशि पर टैक्स से छूट मिल सके.
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी और झारखंड इंटक के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह को भी भेजी गयी है. सांसद ने इस मुद्दे को संसद में उठाने का आश्वासन दिया है. प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, महासचिव सतीश सिंह, उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, हरिशंकर सिंह, भगवान सिंह, शत्रुघ्न राय, प्रभात लाल, नितेश राज, कमलेश सिंह और धर्मेंद्र उपाध्याय शामिल थे.
