बंद समर्थकों ने एनएच 33 पर फूंका ट्रक, धतकीडीह में पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज, 900 हुए िगरफ्तार

बाजार, बस, मालवाहक वाहनों का परिचालन, सिनेमा हॉल, पेट्रोल पंप बंद रहे ट्रक जलाने के मामले में दर्ज होगी प्राथमिकी जमशेदपुर : एससी-एसटी एक्ट पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ आहूत भारत बंद का शहर व आसपास के क्षेत्रों में व्यापक असर देखने को मिला. एनएच 33 पर पलाशबनी-बड़ाबांकी के नजदीक जमशेदपुर से कटक […]

बाजार, बस, मालवाहक वाहनों का परिचालन, सिनेमा हॉल, पेट्रोल पंप बंद रहे

ट्रक जलाने के मामले में दर्ज होगी प्राथमिकी
जमशेदपुर : एससी-एसटी एक्ट पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ आहूत भारत बंद का शहर व आसपास के क्षेत्रों में व्यापक असर देखने को मिला. एनएच 33 पर पलाशबनी-बड़ाबांकी के नजदीक जमशेदपुर से कटक जा रहे ट्रक को सुबह बंद समर्थकों ने आग के हवाले कर दिया.
कई स्थानों पर टायर जला कर हाइवे अवरुद्ध किया गया. शहर में भी कई स्थानों पर टायर जला कर आवागमन बाधित करने का प्रयास किया गया. धतकीडीह में बंद समर्थकों ने दोनों ओर से रोड जाम कर दिया. जाम हटाने गये पुलिसकर्मियों पर पथराव किया, इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर बंद समर्थकों ने खदेड़ दिया.
शहर के अन्य हिस्सों में भी बंद का असर देखा गया. ट्रक फूंके जाने के बाद सुबह से अलग-अलग क्षेत्रों में समर्थक बंद कराने निकले. परसुडीह क्षेत्र में पारंपरिक हथियारों से लैस होकर बड़ी संख्या में बंद समर्थक दुकानों, वाहनों का परिचालन बंद कराते हुए स्टेशन गोलचक्कर पहुंचे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. मानगो, भुइयांडीह, भालूबासा, साकची गोलचक्कर, बिष्टुपुर, गोलमुरी, सोनारी-कदमा समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बंद समर्थक निकले अौर दुकानों तथा वाहनों का परिचालन बंद कराया. साकची बाजार, बिष्टुपुर बाजार,मानगो समेत शहर के अन्य हिस्सों की दुकानें बंद रहीं. मिनी बसें, टेंपो, लंबी दूरी, लोकल बसों का परिचालन सुबह में हुआ, लेकिन बंद समर्थकों के सड़क पर उतरने के बाद परिचालन बंद हो गया. सिनेमा हॉल, पेट्रोल पंप बंद रहे.
टेंपो-मिनी बस का परिचालन बंद होने से स्कूलों की छुट्टी के समय अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. छुट्टी के बाद अभिभावक बच्चों को लेने स्कूल गये और उन्हें लेकर घर लौटे. बंद समर्थकों ने टाटानगर स्टेशन पहुंच कर सुवर्णरेखा एक्सप्रेस के सामने खड़े होकर रेल परिचालन को बाधित करने का प्रयास किया, लेकिन आरपीएफ ने उन्हें हटा दिया. इससे रेल परिचालन अप्रभावित रहा. सिटी एसपी प्रभात कुमार, एसडीअो माधवी मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर बंद समर्थकों को सड़क से हटाया गया.
अलग-अलग समय निकल कर छकाते रहे बंद समर्थक
बंद को सफल बनाने के लिए समर्थकों ने विशेष रणनीति से काम किया. एक स्थान पर एक ग्रुप के गिरफ्तारी देने के कुछ देर बाद दूसरा ग्रुप बंद कराने निकल जा रहा था. पुलिस-प्रशासन द्वारा शुरू में बंद को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया था अौर खास तैयारी नहीं की गयी थी, लेकिन जैसे-जैसे बंद समर्थक निकलने लगे अौर अलग-अलग हिस्सों में जाम अौर हंगामा होने लगा, पुलिस सक्रिय होने लगी. लेकिन अलग-अलग समय में अलग-अलग स्थानों में निकल कर बंद समर्थक पुलिस को छकाते देखे गये.
900 गिरफ्तार, शांति बनी रही : उपायुक्त
देशव्यापी बंद के दौरान पूर्वी सिंहभूम में एनएच पर ट्रक जलाने की घटना हुई, जिसके संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. जिले में अलग-अलग थानों में 900 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बंद समर्थक अलग-अलग क्षेत्रों में टुकड़ी में निकले थे. बंद के दौरान प्रशासन ने धैर्य से काम लिया, कोई अप्रिय घटना नहीं हुई.
अमित कुमार, उपायुक्त
रांची : पुलिस और बंद समर्थकों में झड़प. सिटी एसपी, कोतवाली डीएसपी व सिटी डीएसपी घायल. पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले भी छोड़े. कई प्रदर्शनकारी भी घायल.
सरायकेला-खरसावां : राजनगर में दुकानदारों ने स्वत: दुकानें बंद रखीं. स्कूल खुले रहे. बैंक बंद. यात्री वाहन नहीं चले. चांडिल में एनएच जाम किया. चौका से 20 गिरफ्तार.
चतरा : सिमरिया, चतरा, प्रतापपुर, टंडवा, हंटरगंज में वाहनों का परिचालन रोका. टंडवा के आम्रपाली, मगध व पिपरवार में कोयले की ढुलाई ठप करायी.
धनबाद : रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शनकारियों ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, एसएसपी एवं ग्रामीण एसपी के वाहन को रोका. दुकानें और निजी स्कूल बंद रहें. समर्थकों ने टायर जला कर किया विरोध.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >