रविवार की शाम शहर में डेढ़ घंटे पहले सूर्यास्त हो गया. आसमान में अचानक उमड़े काले बादलों के कारण शाम 4.05 बजे ही रात का अहसास होने लगा. आंधी-तूफान और बारिश के कारण घना अंधेरा छा गया. तेज हवाओं के बीच करीब 26 एमएम बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह परिवर्तन देखने को मिला.
आंधी-तूफान के कारण शहर के अलग-अलग हिस्सों में दर्जनों पेड़ और सैकड़ों डालियां टूट कर गिर गईं. सड़कों पर अलग-अलग समारोह के लिए बनाये गये आधा दर्जन से अधिक तोरण द्वार गिर गये. बिजली के तार टूट गये और सप्लाई ठप हो गयी.
बस्तियों में दर्जनों छप्पर उड़ गये. दुकानों के बोर्ड, सड़कों पर बैरिकेटिंग, होर्डिंग्स, पार्किंग में खड़े दो पहिया गिरकर क्षतिग्रस्त हो गये. टीएमएच व एमजीएम अस्पताल में आंधी-तूफाने में घायल दर्जनों लोग पहुंचे. शहर पर जहां-तहां जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. पेड़ और डालियां गिरने के कारण कई सड़कों पर आवागमन बंद हो गया. टाटा स्टील के एमडी आवास के सामने मुख्य सड़क पर जलजमाव रहा जबकि एसएसपी आवास के सामने पेड़ गिर जाने से यातायात प्रभावित रहा.
शनिवार से बदला मौसम का मिजाज
लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच जमशेदपुर के मौसम ने शनिवार की शाम अपना मिजाज बदला. आसमान में छाये बादलों ने लोगों को कुछ राहत दी. शाम को हुई हल्की बारिश ने माहौल को खुशनुमा बना दिया. शनिवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा. शहर के तापमान में 5.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिकतम 85 व न्यूनतम 15 प्रतिशत रही. 24 घंटे में अधिकतम तापमान यथावत रहा.
अगले दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना है. बादल पांच अप्रैल तक छाये रहेंगे. मौसम विभाग के आंकड़े की माने तो रविवार को हुई बारिश ने वर्ष 2008 से अब तक एक दिन में हुई अधिकतम बारिश का नौ साल का रिकार्ड तोड़ दिया है. वर्ष 2008 से 2017 के बीच वर्ष 2015 में 28 अप्रैल को 24 घंटे में अधिकतम 28 एमएम बारिश दर्ज की गई. पिछले दो वर्ष की तुलना करें तो पूरे अप्रैल माह में हुई अब तक की यह सबसे अधिक बारिश है.
जमशेदपुर. रविवार की शाम आयी तेज आंधी में आदित्यपुर वन रोड नंबर 13 निवासी शरद नाग और सुनीता नाग के घर पर दीवार गिर गयी. इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हाे गये. दोनों को टीएमएच में भर्ती कराया गया है.
घटना रविवार शाम 5 बजे की है. शरद नाग का भगीना ने बताया कि वे लोग आदित्यपुर रोड नंबर 13 में एसबेस्टस के किराये के मकान में रहते हैं. रविवार की शाम जब आंधी आयी उस समय परिवार के सभी लोग घर पर थे. उनके घर के बगल वाले घर की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है. तेज आधी के कारण निर्माणाधीन दीवार का बड़ा भाग शरद के घर पर गिर गया. जिससे घर में बैठे शरद और उनकी पत्नी सुनीता दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये. घर के एक अन्य सदस्य को भी हल्की चोट आयी है. शरद के चेहरा , सिर और नाक में चोट आयी है. जबकि सुनीता के सिर और कमर में चोट लगी है.
टेल्को थानान्तर्गत प्रेम नगर में विकास मिश्रा के घर का टीन उड़ कर पड़ोसी के घर पर गिरा, दोनो परिवारों के घर में लाखों का सामान क्षतिग्रस्त हुआ है.
बाग-ए-जमशेद गोलचक्कर के पास पेड़ गिर गया. बाग-ए- जमशेदपुर से जुस्को ऑफिस जाने वाली सड़क पर दोनों तरफ दर्जनों पेड़ की डालियां टूट कर गिरी
मानगो आजादनगर जाने वाली सड़क के पास तोरण द्वार गिरा, मानगो पुलिस चौक केे पास बैरिकेटिंग स्टैंड गिरे, एमजीएम अस्पताल चौक के पास जलजमाव
एमजीएम अस्पताल के पास स्थित छायानगर बस्ती में कई घरों के प्लास्टिक के छज्जे उड़े, साकची,बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, टेल्को, जुगसलाई, गोविंदपुर, कपाली में कई दुकानों के बोर्ड गिरे
सिदगोड़ा मेन रोड में पेड़ गिरा, एपेक्स अस्पताल के पास पेड़ गिरने से सड़क पर यातायात बाधित, सीतारामडेरा थाना के पीछे पेड़ गिरने से सड़क बाधित
बागबेड़ा, जुगसलाई इलाके में भारी नुकसान,अलग-अलग इलाकों में पेड़ गिरे, दुकानों के बोर्ड व पोस्टर गिरे, सड़कों पर जलजमाव दिखा
कहां क्या हुुआ
कदमा उलियान सब स्टेशन में एयरटेल का टावर अौर पेड़ गिरा
मानगो पोस्ट अॉफिस रोड में 11 केवी हाइटेंशन लाइन पर होर्डिंग गिरा
पारडीह चौक पर 11 केवी हाइटेंशन लाइन पर होर्डिंग गिरा
जुगसलाई घोड़ाचौक पर 11 केवी हाइटेंशन तार पर पेड़ गिरा
खड़ंगाझाड़ व बागुनहातु में बिजली लाइन पर पेड़ गिरा
करनडीह सब-स्टेशन लाइन पर पेड़ गिरा
डुमरिया में पेड़ गिरने से हाइटेंशन तार टूटा
पोटका, पटमदा में पेड़ गिरने से घंटों पावर ब्रेक डाउन
आदित्यपुर जय प्रकाश उद्यान, पान दुकान इलाके में तार टूटा
गम्हरिया सातवहनी में एलटी पोल व तार टूटा
चाईबासा में तीन स्थानों पर बिजली पोल अौर तार टूटे
