जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के 401 प्राथमिक व मध्य विद्यालयों को बंद करने के निर्णय पर उपायुक्त अमित कुमार की अध्यक्षता वाली जिला शिक्षा स्थापना समिति ने शनिवार को मुहर लगा दी. इन स्कूलों को बंद कर एक किमी के दायरे वाले किसी दूसरे स्कूल में मर्ज कर दिया जायेगा. हालांकि प्रस्ताव का विरोध करते हुए बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाड़ंगी व जुगसलाई के विधायक रामचंद्र सहिस ने प्रशासनिक बैठक का बहिष्कार किया. दोनों विधायकों ने विलय करने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया.
हालांकि बैठक में अधिकांश लोगों की सहमति के बाद प्रस्ताव पारित कर दिया गया. इसके बाद विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बैठक से बाहर आकर डीसी आॅफिस परिसर में ही विलय के प्रस्ताव संबंधी फाइल को फाड़ कर प्रतियां हवा में उड़ा दी. कुणाल ने कहा कि सरकार का यह प्रस्ताव हवा में उड़ने के लायक ही था.
गौरतलब है कि जिले के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों के विलय को लेकर दो राउंड का सर्वे के बाद प्रस्ताव को स्वीकृति देने के लिए जिला शिक्षा समिति की बैठक बुलायी गयी थी. इस बैठक में विधायकों के साथ ही विभागीय पदाधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में कुल 17 लोग शामिल थे. जिसमें दो को छोड़ कर (कुणाल षाड़ंगी अौर रामचंद्र सहिस) अन्य ने स्कूलों के विलय के प्रस्ताव पर सहमति जतायी. 17 में कुल 15 लोग समर्थन में दिखे, इस वजह से स्कूलों के विलय का प्रस्ताव पास हो गया.
बोकारो » मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में युवक गिरफ्तार
बोकारो जिले के दुगदा थाना क्षेत्र के जी-टाइप अमराटांड़ में घटित एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी 22 वर्षीय युवक आशीष अग्रवाल को गिरफ्तार कर तेनुघाट उपकारा भेज दिया. इस बाबत दुगदा थाना में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है. शुक्रवार को आरोपी ने दुकान पर बिस्कुट लेने आयी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था. बच्ची व उसकी मां दुगदा थाना पहुंच कर लिखित शिकायत दर्ज करायी. शनिवार को पीड़ित बच्ची का धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया.
» हत्या के मामले में तीन दोषी करार
आठ मई 2016 को सेक्टर चार स्थित बुद्ध बिहार में आयोजित एक सालगिरह समारोह में सेक्टर छह निवासी पीतांबर की हुई हत्या मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय रंजीत कुमार की अदालत ने शनिवार को तीन लोगों को दोषी करार दिया है. करार दिये गये चंद्रपुरा निवासी मकसूद अंसारी उर्फ मिथुन, पिंड्राजोरा के मोहनडीह निवासी सरफुद्दीन अंसारी उर्फ बाटला तथा इमामुल अंसारी को चार अप्रैल को सजा सुनायी जायेगी. यह मामला सेशन ट्रायल संख्या 30/17 व सेक्टर 4 थाना कांड संख्या 81/16 के तहत चल रहा है.
मकसूद को जमशेदपुर जेल से लाकर कोर्ट में उपस्थित किया गया था. वहीं धनबाद में चेक स्नैचिंग के क्रम में गिरफ्तार किये गये इमामुल अंसारी को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में हाजिर किया गया था. घटना सेक्टर छह निवासी उपेंद्र सिंह की शादी के 50 वें सालगिरह समारोह में हुआ था. समारोह में तीनों हत्यारे संदिग्ध रूप से घूम रहे थे. शक होने पर लोगों ने पीतांबर को उन पर निगरानी करने के लिए कहा. पीतांबर ने मकसूद से यहां घूमने का कारण पूछा तो,उसने चाकू से पीतांबर के सीने और पेट पर वार कर दिया. पीतांबर को बचाने आये मनोज कुमार सिंह, उपेंद्र राय, शिव व संजीव को भी मकसूद ने घायल कर दिया था.
जमशेदपुर » रेल आइजी ने किया टाटा थाना व हाजत का निरीक्षण, मिली खामियां
रेल आइजी सुमन गुप्ता ने स्टेशन पार्किंग प्रकरण में टाटानगर रेल थाना के दो सिपाही दया शंकर राय व पिंटू सिंह को लाइन क्लोज कर दिया. पार्किंग ठेकेदार कमलेश सिंह ने फरवरी में आइजी से जीआरपी थाना प्रभारी प्रदीप चौधरी समेत सिपाही दया शंकर राय, पिंटू सिंह पर पार्किंग कर्मियों से हाथापाई करने, उन्हें स्थल से हटा देने की शिकायत की थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि हर माह एक निश्चित रकम के लिए ऐसा किया जा रहा है. आइजी ने कहा कि एसपी की जांच से संतुष्ट नहीं होने पर वह स्वयं भी मामले की जांच करेंगी.
