वृंदावन से आये महाराज और महिलाओं सहित पांच घायल
जमशेदपुर : मानगो बस स्टैंड में गुरुवार को दो बसों के कर्मचारियों के बीच हुई मारपीट की घटना में पांच लोग घायल हो गये. घायलों में वृंदावन से आये बाबा धनश्याम दास महाराज, स्टैंड स्थित मंदिर के पुजारी साधु बाबा, उनकी बहू निभा सिंह, बस कर्मी शंकर चौधरी और ललेस सिंह शामिल हैं.
घायलों का प्राथमिक इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया. सीतारामडेरा पुलिस ने बस के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया था, लेकिन आपस में समझौता होने पर उन्हें रात में थाने से छोड़ दिया गया. घटना गुरुवार को दोपहर तीन बजे की है. टाटा- रांची मार्ग की बसों का संचालन कर रहे ललेस सिंह ने बताया कि स्टैंड के अंदर रांची की बसें चार नंबर गेट से प्रवेश करती है और तीन नंबर से निकलती है. अंदर जाम होने से सिंह बस रूक गयी, जिसके बाद उसके एजेंट ने उनके बस चालक की पिटाई कर दी.
बीच बचाव करने पर सिंह बस के मालिक नीरज सिंह, दीपक, कमलेश, छोटू ने उनके साथ भी मारपीट की. घायल वृंदावन से आये बाबा धनश्याम दास महाराज ने बताया कि पुलिस की लाठी से उन्हें बस के कर्मियों ने मारा. मारपीट के बाद सीतारामडेरा थाना में दोनों बस संचालक के पक्ष में लोग जुटे. दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगा रहे थे. डीएसपी केएन मिश्रा थाना पहुंचते ही सभी लोगों को चले जाने को कहा, जिसके बाद भीड़ हट गयी.
