कंधों पर कांवर और जुबां पर बोल बम के साथ 1000 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज रवाना

मानगो की सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ा, जहां से 1000 कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ. यह आठ दिवसीय नि:शुल्क यात्रा भोजन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है, जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक है.

जमशेदपुर | मानगो की सड़कों पर रविवार को आस्था का सैलाब नजर आया. चारों ओर गेरुआ वस्त्र, कंधों पर कांवर और जुबां पर ‘बोल बम’ का जयघोष... बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की आठ दिवसीय नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए 1000 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ. ढोल, मंजीरा व शंखध्वनि के बीच निकला यह जत्था जहां से गुजरा, डिमना रोड गेरुआ रंग में रंगता चला गया.

151 से शुरू हुआ सफर, अब 1000 कांवरिये बाबा नगरी की राह पर

बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की यह कांवर यात्रा आठ वर्ष पहले महज 151 श्रद्धालुओं के साथ शुरू हुई थी. आज इसी यात्रा में 1000 कांवरिये शामिल हो रहे हैं. मानगो में श्रद्धालुओं को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भारत सेवाश्रम संघ प्रमुख श्रीधर महाराज, मानगो की मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने विदा किया.

11 पुरोहितों ने किया मंत्रोच्चार, आशीर्वाद लेकर निकले कांवरिये

इससे पहले कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर, साकची और मानगो से पंजीकृत कांवरिये डिमना रोड स्थित दुर्गा पूजा स्थल पर जुटे. यहां 11 पुरोहितों ने मंत्रोच्चार कर कांवरियों को आशीर्वाद दिया. इसके बाद जैसे ही जत्था रवाना हुआ, ढोल, मंजीरा और शंखध्वनि के बीच ‘बोल बम’ के जयकारे गूंज उठे. गेरुआ वस्त्र पहने श्रद्धालुओं की लंबी कतार ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.

आठ दिन का सफर, रास्ते में भोजन से लेकर इलाज तक नि:शुल्क

संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है. आठ दिनों तक चलने वाली यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए वाहन, धर्मशाला, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध करायी जा रही हैं. जमशेदपुर से रवाना होने के बाद पूर्णिया की धर्मशाला में रात्रि भोजन की व्यवस्था की गयी है. इसके अलावा रास्ते में कई धर्मशालाओं में भोजन और विश्राम की सुविधा रहेगी.

एंबुलेंस साथ चलेगी, 65 सेवक पहले ही रवाना

कांवरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए यात्रा के साथ एंबुलेंस भी रहेगी. वहीं, श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था संभालने के लिए 65 सेवक बम पहले ही साउथ बिहार एक्सप्रेस से सुल्तानगंज रवाना हो चुके हैं.

सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा धाम पहुंचेंगे

सुल्तानगंज पहुंचने के बाद कांवरिये उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरेंगे और इसके बाद बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर यात्रा शुरू होगी. बाबा धाम में पूजा और जलार्पण के बाद सभी श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे. वहां जलार्पण के बाद जमशेदपुर वापसी होगी. विकास सिंह ने कहा कि आठ साल पहले 151 श्रद्धालुओं से शुरू हुई यह यात्रा आज 1000 कांवरियों तक पहुंच गयी है. यह श्रद्धालुओं की आस्था और सेवा भाव का परिणाम है. कार्यक्रम में राजकुमार श्रीवास्तव, योगेश्वर ठाकुर, हरि सिंह राजपूत, अनमोल वर्मा, बिपिन झा, विष्णु भगवान पाठक, खगेन चंद्र महतो, हरेंद्र पांडे, अमरनाथ सिंह, आशुतोष सिंह, विक्रम यादव, किशोर वर्मन, गिरीश सिंह, मो नौशाद समेत अन्य मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कन्हैया शाह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >