हजारीबाग. विश्व होम्योपैथी दिवस पर डॉ. सैमुअल हैनिमेन की जयंती शुक्रवार को शहर के प्रधान कैफेटेरिया हॉल में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी. इस अवसर पर जिले के प्रख्यात चिकित्सक, बुद्धिजीवी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विभावि के कुलपति प्रो. चंद्र भूषण शर्मा, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, एचएमएआई के जिला अध्यक्ष डॉ. गणेश शंकर, सचिव डॉ. आनंद शाही तथा अन्य अतिथियों ने डॉ. हैनिमेन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया. समारोह में वक्ताओं ने डॉ. हैनिमेन के जीवन, उनके योगदान और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला. जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 अप्रैल को विश्व होम्योपैथी दिवस मनाया जाता है, जो न केवल हैनिमेन की जयंती का प्रतीक है बल्कि होम्योपैथी की प्रभावशीलता और जनहित में इसकी उपयोगिता को भी उजागर करता है. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि भारत में करोड़ों लोग इस चिकित्सा पद्धति पर भरोसा करते हैं और यह देश में व्यापक रूप से प्रचलित है. कार्यक्रम का आयोजन होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, हजारीबाग इकाई द्वारा किया गया. समारोह में डॉ. ज्ञानेंदु जयपुरियार, डॉ. नवेन्दु शंकर, डॉ. प्रहलाद सिंह, डॉ. अनिल, डॉ. शंकर मोदी, डॉ. अजीत कुमार, डॉ. राजेश कुमार त्रिवेदी, डॉ. विनोद, डॉ. नीतू सोंधी, डॉ. पंकज सहाय सहित अनेक चिकित्सक मौजूद थे. यह आयोजन न केवल चिकित्सा जगत के लिए प्रेरणादायी रहा बल्कि समाज में होम्योपैथी की उपयोगिता को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत किया.
हैनिमैन जयंती पर हजारीबाग में विश्व होम्योपैथी दिवस धूमधाम से संपन्न
विश्व होम्योपैथी दिवस पर डॉ. सैमुअल हैनिमेन की जयंती शुक्रवार को शहर के प्रधान कैफेटेरिया हॉल में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी
