विष्णुगढ़: हजारीबाग जिले के मांडू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विष्णुगढ़ प्रखंड के बरांय मोड़ से सिमरिया होते हुए अचलजामो के लेदी मोड़ तक जाने वाली पक्की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से इस सड़क से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है. स्थिति यह है कि वाहनों की बात तो दूर, लोगों को पैदल चलने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क खराब होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है. प्रतिदिन इस सड़क से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अलावा स्कूली बसों और अन्य वाहनों का आवागमन होता है. सड़क की जर्जर स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है. गड्ढों में पानी भरे रहने के कारण कई बार सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
ये भी पढ़ें: नाला सफाई के लिए खरीदी 2 करोड़ की मशीन बनी कबाड़, उपयोगिता पर उठे सवाल
बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों और पैदल राहगीरों पर पड़ रहा है. गड्ढों और कीचड़ के कारण विद्यार्थियों के गिरने की घटनाएं आम हो गयी हैं. वहीं, सड़क पर वाहन फंसने और खराब होने से लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है. स्कूल बसों के खराब होने से बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है.
कई बार जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है. सांसद और विधायक को भी सड़क की स्थिति से अवगत कराते हुए मरम्मत कराने की मांग की गयी है. इसके बावजूद अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
जल्द निरीक्षण कर अविलंब मरम्मत कराने की मांग
इस इलाके में सड़क दूरूस्तीकरण को लेकर ग्रामीण गुरुदेव यादव, अनिल यादव, सुबोध यादव, अजय कुमार, पवन कुमार, शंकर यादव समेत अन्य लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से स्थिति का जल्द निरीक्षण कर अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: Sahara Scam: रांची में आज से सहारा निवेशकों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह, 32 हजार करोड़ रुपये की वापसी की मांग
