विष्णुगढ़ से विनय पाठक की रिपोर्ट
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. इस जघन्य अपराध के बाद जिले भर में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो उनकी पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं पर गहरा आघात है.
पीड़ित परिवार से मिलकर जताई संवेदना
शनिवार को जयराम महतो विष्णुगढ़ प्रखंड के कुसुंभा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद और न्याय दिलाने का भरोसा दिया. इस दौरान उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया और स्थिति की जानकारी ली.
प्रशासन को दिए सख्त निर्देश
जयराम महतो ने डीएसपी से फोन पर बातचीत कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले. उन्होंने डीएसपी से यहां तक कहा कि आरोपियों को फांसी दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके.
सरकार पर साधा निशाना
इस मामले में जयराम महतो ने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं है और अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
न्याय और मुआवजे की मांग
उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को उचित न्याय, सुरक्षा और मुआवजा दिया जाए. साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने यह भी कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक प्रशासन को घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
झारखंड में सड़क से सदन तक होगा आंदोलन
जयराम महतो ने दो टूक कहा कि यदि 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होती है, तो जेएलकेएम के बैनर तले पूरे झारखंड में सड़क से सदन तक जोरदार आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय और सुरक्षा की बहाली के लिए है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में शिक्षकों ने लगाई दौड़, बनाई पेंटिंग और फिर निबंध भी लिखा, मिला पुरस्कार
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस मौके पर जेएलकेएम के कई पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे. इनमें जिला अध्यक्ष सरयू साव, महासचिव माही पटेल, मुखिया दुलारचंद पटेल समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे. सभी ने एक स्वर में दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की.
इसे भी पढ़ें: राजमहल में बाइक की चपेट में आने से 4 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
